युवक पर काल बनकर गिरी मलबे की बोरी, लखनऊ में ऑटोमोबाइल शोरूम कर्मचारी की मौत

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

लखनऊ। लखनऊ के चिनहट थाना इलाके में एक निर्माणाधीन मकान की दूसरी मंजिल से मलबे से भरी बोरी गिरने से एक राहगीर की मौत हो गई। पुलिस ने बुधवार को बताया कि निर्माण कार्य की देखरेख कर रहे व्यक्ति को हिरासत में ले लिया गया है। पुलिस के अनुसार, घटना मंगलवार को चिनहट थाना क्षेत्र के नौबस्ता कला स्थित वसुंधरा विहार इलाके में हुई। नौबस्ता कला निवासी विशाल तिवारी के घर में निर्माण कार्य चल रहा था। 

दूसरी मंजिल से बोरी फेकने से हुआ हादसा 

सुबह काम के दौरान दूसरी मंजिल से बिना नीचे देखे मलबे से भरी बोरी सड़क पर फेंक दी गई। बोरी राहगीर अनूप कुमार सिंह (36) पर गिरी। अनूप मूल रूप से देवरिया जिले के कुंडौली के रहने वाले थे और फिलहाल लखनऊ में रहकर एक ऑटोमोबाइल शोरूम में काम करते थे। हादसे में उन्हें गंभीर चोटें आईं। 

इलाज के दौरान मृत घोषित

कॉलोनी के लोगों ने घायल अनूप को डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्वेद संस्थान पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने इलाज के दौरान उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बताया कि मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है और वे अस्पताल पहुंच गए हैं। निर्माण कार्य की देखरेख कर रहे व्यक्ति को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। शव को कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

 ये भी पढ़ें  : 
सपा विधायक आवास हंगामा : अमेठी पुलिस की बड़ी कार्यवाई, 10 नामजद समेत 34 लोगों पर मुकदमा दर्ज

 

 

संबंधित समाचार