Bareilly : शराब की दुकान किसी हाल में नहीं खुलने देंगे... आंदोलन जारी
भीषण गर्मी में तीसरे दिन भी डटे रहे सैनिक कालोनी में गली नंबर चार के वाशिंदे
बरेली, अमृत विचार। मेगा सिटी अपार्टमेंट के सामने सैनिक कालोनी गली नंबर चार में शराब की दुकान शिफ्ट किए जाने के विरोध में चिलचिलाती धूप में तीसरे दिन भी लोगों को आंदोलन जारी रहा। दुकान के सामने बुजुर्ग से लेकर महिलाएं सक्रिय भूमिका में नजर आईं। तीन दिन से चल रहे इस आंदोलन का आश्वासन के अलावा काेई नतीजा निकल कर नहीं आया है। कालोनी वासियों का कहना है कि वे किसी भी कीमत पर शराब की दुकान खुलने नहीं देंगे। चाहें इसके लिए आंदोलन अनिश्चितकालीन के लिए करना पड़े।
बतातें चलें तीन दिन पहले सैनिक कॉलोनी गली नंबर चार के छोर पर बने लॉन में गारमेंट शोरूम खोलने के नाम पर रविवार आधी रात के बाद गाड़ियों में शराब लाकर रख दी गई। सुबह दुकानदार ने शटर हटाया तो पता लगा कि संजय नगर के लक्ष्मी नगर से हटाई गई शराब दुकान चुपचाप यहां शिफ्ट की जा रही है। इसकी भनक लगते ही इलाके के लोगों में आक्रोश फैल गया। इसके बाद लोगों ने शराब की दुकान के खिलाफ तंबू लगा लिया और धरने पर बैठ गए। डीएम से लेकर संबंधित विभाग को अवगत कराने के बाद भी कोई नतीजा निकल कर नहीं आया है। लोगों का कहना है कि उन्हें आश्वासन दिया गया था कि बुधवार को दुकान खाली करा दी जाएगी। लेकिन ऐसा हुआ नहीं, जिस कारण लोगों में काफी गुस्सा है। आरोप है कि धरना स्थल के पास सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस लगाई गई थी वह भी हटा दी गई है।
लक्ष्मी नगर की महिलाओं ने खत्म किया धरना
संजय नगर के लक्ष्मी नगर में जिस स्थान पर दुकान थी, वहां के लोगों को अंदेशा था कि शराब की दुकान कहीं दोबारा न खुल जाए। इसलिए वहां की महिलाएं भी मंगलवार को धरने पर बैठ गई थीं। फिलहाल इन लोगों को आश्वासन दिया गया है कि 12 दिन के अंदर उनकी समस्या का समाधान कर दिया जाएगा जिसके बाद लक्ष्मी नगर की महिलाओं ने धरना खत्म कर दिया।
