Bareilly : ईद-उल-अजहा का त्योहार अमन-ओ-सुकून के साथ मनाया

Amrit Vichar Network
Published By Pradeep Kumar
On

बाकरगंज ईदगाह में काजी-ए-हिंदुस्तान मुफ्ती असजद मियां ने अदा कराई नमाज

बरेली, अमृत विचार। शहर में गुरुवार को ईद-उल-अजहा का त्योहार अमन-ओ-सुकून के साथ मनाया गया। सुबह से ही ईदगाहों और छोटी-बड़ी मस्जिदों में नमाजियों की भारी भीड़ उमड़ी। नमाज अदा करने के बाद लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी। मुल्क में अमन, तरक्की और खुशहाली के लिए दुआएं मांगी गईं।

मुख्य नमाज बाकरगंज स्थित ईदगाह में सुबह 10 बजे अदा की गई, जहां काजी -ए-हिंदुस्तान मुफ्ती असजद रजा कादरी (असजद मियां) ने नमाज पढ़ाई। नमाज के बाद ख़ुत्बा पढ़ा गया और खुसूसी दुआ कराई गई। इसके बाद कुर्बानी का सिलसिला शुरू हुआ। जमात रजा -ए-मुस्तफा के राष्ट्रीय महासचिव फरमान हसन खान (फरमान मियां) ने लोगों को ईद की मुबारकबाद देते हुए अपील करते हुए कहा कि कुर्बानी करते समय दूसरे धर्मों की भावनाओं का सम्मान करें, खुले में कुर्बानी न करें और साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें। ईदगाह कमेटी के सदर खलील अहमद ने भी सभी को मुबारकबाद दी।

सबसे पहले सुबह 5:40 बजे बाजार संदल स्थित दरगाह वली मियां की चांद मस्जिद और ज़खीरा की दुलिया वाली मस्जिद में नमाज अदा की गई। वहीं सबसे आखिर में दरगाह आला हजरत स्थित रजा मस्जिद में सुबह 10:30 बजे मुफ्ती ज़ईम रजा ने नमाज अदा कराई। यहां अल्लामा तौसीफ रजा खान (तौसीफ मियां) ने खुसूसी दुआ कराई। दरगाह प्रमुख सुब्हानी मियां, सज्जादानशीन मुफ्ती अहसन मियां और खानदान के बुजुर्गों समेत बड़ी संख्या में लोगों ने नमाज अदा की।

गढ़ी मस्जिद में दो शिफ्टों में हुई नमाज
नमाजियों की संख्या अधिक होने पर गढ़ी मस्जिद में दो शिफ्टों में नमाज अदा की गई। पहली नमाज सुबह 7 व दूसरी साढ़े 7 बजे अदा की गई। इसके अलावा दरगाह ताजुश्शरिया, दरगाह शाह शराफत अली मियां, खानकाह-ए-वामिकिया निशातिया, खानकाह-ए-नियाजिया, दरगाह बशीर मियां, दरगाह रफीकुल औलिया, किला की जामा मस्जिद, नौमहला मस्जिद और दरगाह शाहदाना वली समेत शहर की तमाम मस्जिदों में अलग-अलग समय पर ईद की नमाज अदा की गई।

कुर्बानी के बाद दावतों से महका शहर
बरेली, अमृत विचार: ईद-उल-अजहा पर कुर्बानी के बाद शहर में दावतों का दौर शुरू हो गया। घरों में सेवइयों समेत तरह-तरह के लजीज पकवान तैयार किए गए, जिनकी खुशबू से पूरा माहौल महक उठा। लोगों ने रिश्तेदारों, दोस्तों और करीबियों के घर पहुंचकर ईद की खुशियां साझा कीं। एक-दूसरे को मुबारकबाद दी। बच्चों व युवाओं में भी खासा उत्साह दिखाई दिया। नए कपड़े पहनकर लोग अपने रिश्तेदारों और परिचितों के यहां पहुंचे। लोगों ने आपसी भाईचारे, मोहब्बत और सौहार्द के साथ ईद का त्योहार मनाया।

गरीबों, जरूरतमंदों और यतीमों का ख्याल रखने की अपील
बरेली,अमृत विचार: ईद-उल-अजहा के मौके पर बाकरगंज स्थित ईदगाह में जमात रजा-ए-मुस्तफ़ा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सलमान मियां ने लोगों से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी। उन्होंने कहा कि कुर्बानी का पैगाम यह है कि इंसान अपनी ख्वाहिशों को अल्लाह की रजा पर कुर्बान करना सीखे। साथ ही गरीबों, जरूरतमंदों और यतीमों का खास तौर पर ख्याल रखा जाए। मुल्क में भाईचारे और मोहब्बत को मजबूत किया जाए। डॉ. मेहंदी हसन, शमीम अहमद, मोईन खान, समरान खान, मोईन अख्तर, एडवोकेट राशिद खान, अब्दुल्लाह रजा खान, मोहम्मद रजा, तस्लीम रजा समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

संबंधित समाचार