अब सड़क पर नहीं खड़ी होंगी रोडवेज बसें, हीटवेव से बचाव के लिए परिवहन निगम ने जारी किए सख्त निर्देश

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

लखनऊ, अमृत विचार : भीषण गर्मी और सड़क सुरक्षा को देखते हुए उत्तर प्रदेश परिवहन निगम ने सभी बस स्टेशनों और डिपो के लिए सख्त दिशा-निर्देश जारी किए हैं। परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक प्रभु एन. सिंह ने कहा है कि किसी भी स्थिति में कोई भी बस सड़क पर खड़ी नहीं की जाएगी। सभी बसें केवल बस स्टेशन परिसर के अंदर ही खड़ी होंगी और वहीं से यात्रियों को चढ़ाने-उतारने की व्यवस्था की जाएगी।

परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह के निर्देश पर गुरुवार को परिवहन निगम ने सभी चालकों और परिचालकों का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही हीटवेव को देखते हुए सभी बस स्टेशनों पर कर्मचारियों और यात्रियों के लिए ओआरएस घोल उपलब्ध कराने को कहा गया है।

प्रबन्ध निदेशक द्वारा जारी निर्देशों में कहा गया है कि भीषण गर्मी को देखते हुए सभी बस स्टेशनों पर वाटर कूलर क्रियाशील अवस्था में रहें, ताकि यात्रियों को ठंडा पेयजल मिल सके। बस स्टेशनों की आवश्यकतानुसार मरम्मत और पेंटिंग कराने के भी निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने कहा है कि सभी बसों को 31 और 13 बिंदुओं की तकनीकी जांच के बाद ही मार्ग पर संचालन के लिए भेजा जाए। इससे बीच रास्ते में बस खराब होने या ब्रेकडाउन जैसी समस्याओं से यात्रियों को राहत मिलेगी। अधिकारियों को हीटवेव से बचाव के सभी जरूरी इंतजाम सुनिश्चित करने को भी कहा गया है।

ये भी पढ़ें  : 
Moti Samvardhan Yojana: यूपी में मछली पालन के साथ अब मोती उत्पादन, योगी सरकार ने जारी किया शासनादेश

 



 

 

 

संबंधित समाचार