आगरा एक्सप्रेस वे पर सड़क हादसा : हादसे में गोंडा के युवक की मौत, पत्नी गंभीर रूप से घायल
- निजी बस से दिल्ली जा रहे थे दंपति, करहल के पास हुई दुर्घटना
गोंडा, अमृत विचार: आगरा एक्सप्रेसवे पर गुरुवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में तरबगंज क्षेत्र के एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे में बस चालक की भी जान चली गई। दुर्घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। जानकारी के अनुसार तरबगंज थाना क्षेत्र के सेझिया गांव मजरा प्रभुपुरवा निवासी रामनरेश गौतम अपनी पत्नी और बच्चों के साथ बुधवार को सिंह ट्रैवल्स की निजी बस से दिल्ली जा रहे थे।
गुरुवार सुबह करीब चार बजे बस आगरा एक्सप्रेसवे पर मैनपुरी जिले के करहल क्षेत्र के पास पहुंची थी। इसी दौरान आगे चल रहे ट्रक में पीछे से बस अनियंत्रित होकर जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस में बैठे कई यात्री सीटों से नीचे गिर पड़े और अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने रामनरेश गौतम और बस चालक को मृत घोषित कर दिया। वहीं रामनरेश की पत्नी रेशमा गंभीर रूप से घायल हैं, जिनका इलाज सैफई मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। उनकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है। बताया गया कि मृतक रामनरेश तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर थे। बड़े भाई सुरेश गौतम और छोटे भाई दिनेश गौतम हैं। रामनरेश के परिवार में दो बेटियां प्रियांशी (12 वर्ष), बब्बी (6 वर्ष) तथा एक बेटा अंकित (9 वर्ष) है।
परिजनों के मुताबिक रामनरेश करीब दस वर्षों से रोजी-रोटी के सिलसिले में दिल्ली में रहकर बस चालक का कार्य करते थे। वह अपने छोटे भाई दिनेश के 15 मई को कार्यक्रम में शामिल होने पूरे परिवार के साथ गांव आए थे और बुधवार को वापस दिल्ली लौट रहे थे। आशंका जताई जा रही है कि चालक को झपकी आने के कारण यह हादसा हुआ। घटना की सूचना मिलते ही गांव में मातम छा गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
