मनौना धाम अपहरण कांड: डॉक्टर और नर्स मिलकर 5 लाख में बेचते थे बच्चे, पुलिस ने तीन को किया गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

बरेली, अमृत विचार। मनौना धाम से बच्चा चोरी के मामले की पर्तें खुलती जा रही है। अब पता चला है कि अलग-अलग जिलों के डॉक्टर और नर्स बच्चा चोरी गैंग चला रहे थे। ये लोग 5-5 लाख रुपए में बच्चों का सौदा करते थे। पुलिस ने शनिवार को तीन लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा। पुलिस अब तक गैंग के 6 सदस्यों को गिरफ्तार कर चुकी है। इस मामले में और भी गिरफ्तारियां हो सकती है।

एसपी साउथ ने किया खुलासा
प्रेसवार्ता के दौरान एसपी साउथ अंशिका वर्मा ने बताया कि 24 मई 2026 को थाना आंवला के ग्राम मनौना से डेढ़ साल के एक बच्चे के अपहरण की सूचना मिली थी। दो आरोपियों योगेश और पवन को गिरफ्तार किया गया था। जांच के दौरान उत्तम बाजपेयी नाम के एक और आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया। उत्तम बाजपेयी दलाल के रूप में कार्य करता था और बच्चों की सप्लाई को सुनिश्चित और फैसिलिटेट करने का काम करता था। 

तीन आरोपी गिरफ्तार
एसपी साउथ ने बताया बच्चा चोरी प्रकरण में शनिवार को पुलिस ने तीन और आरोपी पश्चिम बंगाल के नदिया हाल पता यूपी के सीतापुर के महोली थाना क्षेत्र के उलदौली निवासी डॉ संजय कुमार विश्वास, लखीमपुर खीरी के थाना मैगलगंज गांव भगवतीपुर निवासी केशव राम उर्फ मंजेश पुत्र सुरेंद्र कुमार, के साथ सीता पत्नी मनोज चौहान निवासी गाजीपुर थाना दातागंज जनपद बदायूं हाल पता रसूलपुर थाना मीरगंज जनपद बरेली को गिरफ्तार किया है।

तीनों आरोपी बच्चों की सप्लाई में शामिल
सीता बरेली के एक मेडिकल कॉलेज में नर्स है। संजय सीतापुर में एक अस्पताल का संचालन करता है, मंजेश एक फर्जी क्लीनिक चलाता है। पूछताछ में सामने आया है कि ये तीनों आरोपी बच्चों की सप्लाई में शामिल थे। अभी तक की जानकारी के अनुसार बच्चों को करीब 5 लाख रुपये में बेचा जाता था। पुलिस अब खरीदारों को भी तलाश कर रही है। जांच में अवैध गर्भपात के रैकेट की भी संभावना जताई जा रही है। संभावना जताई गई है कि जो महिलाएं बच्चा गिराना चाहती थीं उन्हें कुछ पैसे दिए जाते थे और जब वे प्रेग्नेंसी की स्टेज पर पहुंचती थीं, तो ऑपरेशन कर बच्चे को प्राप्त कर आगे बेच दिया जाता था। इस मामले में न्यूबॉर्न बेबी भी शामिल हैं।

संबंधित समाचार