Hardoi News : रामगंगा नदी के तेज बहाव में बह गए दो दोस्त! परिजनों में मचा कोहराम
हाथ पर हाथ धरे बैठे रहे जिम्मेदार, कैंटीन से चाय-समोसे खाने के लिए घर से निकले थे तीन दोस्त
हरदोई। डीएससीएल शुगर मिल रूपापुर की कैंटीन से तीन दोस्त चाय-समोसे खाने के लिए निकले, उसी दौरान तीनों फर्रुखाबाद बार्डर पर रामगंगा नदी में नहाने पहुंच गए, दो दोस्त नदी के तेज़ बहाव के साथ बह गए, जबकि तीसरा किस्मत से किसी तरह बच कर बाहर निकल आया, हादसे का पता होते ही दोनों दोस्तों के घरों में कोहराम मचा हुआ है।
वहीं करीब तीन घंटे तक उन दोनों के बचाव के कोई पुख्ता बंदोबस्त नहीं हो सके थे, न एनडीआरएफ की टीम ही पहुंची थी और न ही गोताखोरों की तरफ से रेस्क्यू शुरू किया गया था। बताया गया है कि पाली थाने के रूपापुर शुगर मिल के केन विभाग में तैनात सीडीओ दिवाकर विक्रम का 18 वर्षीय पुत्र उत्कर्ष, अकाउंट विभाग में तैनात अमन श्रीवास्तव का 16 वर्षीय पुत्र सर्वज्ञ और वहीं के रमाशंकर का 17 वर्षीय पुत्र काव्य शनिवार शाम को मिल की कैंटीन पर चाय-समोसे खाने के लिए स्कूटी से निकले हुए थे।
उसी बीच तीनों फर्रुखाबाद बार्डर पर रामगंगा नदी में नहाने पहुंच गए। वहां नहा रहा उत्कर्ष गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। उसे बचाने के लिए सर्वज्ञ भी पानी में उतरा, लेकिन दोनों नदी की तेज बहाव के साथ बह गए, लेकिन काव्य किस्मत से बच गया। इसका पता होते ही मिल के महाप्रबंधक संजीव तोमर के साद दोनों दोस्तों के घर वाले वहां पहुंच गए।
फर्रुखाबाद पुलिस और अमृतपुर तहसीलदार भी वहां पहुंच कर छानबीन करने में जुटे हुए है, वहीं आगे बताया गया है कि करीब तीन घंटे बाद तक न तो एनडीआरएफ की टीम पहुंची और न ही गोताखोरों की तरफ से रेस्क्यू शुरु किया जा सका था। महाप्रबंधक संजीव तोमर ने बताया कि रेस्क्यू शुरु कराने के लिए फर्रुखाबाद प्रशासन से बात हो रही है,वहां की बराबर मानीटरिंग की जा रही है।
