UP News: नेपाल-उत्तर प्रदेश व्यापार एवं एमएसएमई को नई गति देगा आईआईए का विशेष अभियान

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

लखनऊ, अमृत विचार। इंडियन इंडस्ट्रीज़ एसोसिएशन (आईआईए) ने नेपाल के साथ व्यापार, निवेश, पर्यटन एवं एमएसएमई सहयोग को नई दिशा देने के उद्देश्य से लखनऊ के एक होटल में नेपाल दूतावास के वरिष्ठ प्रतिनिधिमंडल के साथ एक उच्चस्तरीय रणनीतिक संवाद आयोजित किया। 

नेपाली प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व नेपाल दूतावास के चार्ज डी’अफेयर्स डॉ. सुरेन्द्र थापा ने किया। उनके साथ आर्थिक मंत्री तारा नाथ अधिकारी, आर्थिक परामर्शदाता रविन्द्र जंग थापा तथा लेखा परामर्शदाता भेष प्रसाद भुर्तेल मौजूद रहे। 

आईआईए की ओर से राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष अवधेश के. अग्रवाल, पूर्व अध्यक्ष अनिल गुप्ता, अंतर्राष्ट्रीय संबंध प्रकोष्ठ के अध्यक्ष अमन अग्रवाल सहित अनेक उद्योगपति एवं उद्यमी शामिल हुए। बैठक में खाद्य प्रसंस्करण, कृषि आधारित उद्योग, पर्यटन, सीमा-पार लॉजिस्टिक्स, सूचना प्रौद्योगिकी, नवीकरणीय ऊर्जा एवं विनिर्माण क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर सहमति बनी।

डॉ. सुरेन्द्र थापा ने कहा कि भारत-नेपाल संबंध साझा संस्कृति और जन-जन के रिश्तों पर आधारित हैं। दोनों देशों के बीच आर्थिक सहयोग क्षेत्रीय समृद्धि को नई गति देगा। आईआइए के राष्ट्रीय अध्यक्ष दिनेश गोयल ने कहा कि यह पहल उत्तर प्रदेश के एमएसएमई और निर्यातकों के लिए नए अंतरराष्ट्रीय अवसरों के द्वार खोलेगी।

उन्होंने बताया कि आईआईए नेपाल के साथ व्यापारिक प्रतिनिधिमंडलों के आदान-प्रदान और संयुक्त औद्योगिक कार्यक्रमों को बढ़ावा देगा।आईआईए ने 18-20 सितंबर 2026 को लखनऊ में आयोजित होने वाले 11वें इंडिया फ़ूड एक्सपो (आईएफएक्स-26) में नेपाल को कंट्री पार्टनर बनने का औपचारिक प्रस्ताव भी सौंपा, जिसका नेपाल दूतावास ने स्वागत किया।

संबंधित समाचार

टॉप न्यूज