Uttrakhand News: नैनीताल में हुई प्री मानसून की हल्की बारिश, सरोवर नगरी में छाया कोहरा
अमृत विचार, नैनीताल। सरोवर नगरी में रविवार को प्री मानसून की हल्की बारिश हुई। घना कोहरा पूरे दिन छाया रहा। मौसम बदलने से तापमान में मामूली गिरावट आई है।
नगर में बादलों का छाना सुबह से ही शुरू हो गया था। दोपहर होते ही हल्की रिमझिम बारिश शुरू हो गई, जो कुछ समय बाद थम गई। वर्षा तो रुक गई , लेकिन घने बादलों आसमान में डेरा डाले रहे, जबकि घना कोहरा छाया रहा। जिस कारण बारिश की संभावना बनी हुई थी।
मगर शाम के समय कुछ देर को मौसम खुल गया। मौसम विभाग के अनुसार प्री मानसून शॉवर बरसने शुरू हो गए हैं। आने वाले दिनों में भी हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी रहेगी। जीआईसी मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार अधिकतम तापमान 25 व न्यूनतम 16 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। आद्रता अधिकतम 80 व न्यूनतम 60 प्रतिशत रही।
