IAS Archana Agarwal : राजस्व परिषद में महिला अधिकारियों का दबदबा, आईएएस अर्चना अग्रवाल बनीं नई अध्यक्ष

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

एसीएस परिवहन का अतिरिक्त प्रभार भी संभालती रहेंगी अर्चना अग्रवाल

1990 बैच की आईएएस अधिकारी अर्चना अग्रवाल वर्तमान में अपर मुख्य सचिव परिवहन और उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की अध्यक्ष हैं। राजस्व परिषद की जिम्मेदारी संभालने के साथ वह इन दोनों महत्वपूर्ण पदों का दायित्व भी निभाती रहेंगी।

लखनऊ, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश राजस्व परिषद के अध्यक्ष रहे 1989 बैच के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी अनिल कुमार द्वितीय के रविवार को सेवानिवृत्त होने के बाद राज्य सरकार ने वरिष्ठ आईएएस अधिकारी अर्चना अग्रवाल को राजस्व परिषद का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है। इसे प्रदेश के प्रशासनिक ढांचे में एक महत्वपूर्ण बदलाव माना जा रहा है।

1990 बैच की आईएएस अधिकारी अर्चना अग्रवाल वर्तमान में अपर मुख्य सचिव परिवहन और उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की अध्यक्ष हैं। राजस्व परिषद की जिम्मेदारी संभालने के साथ वह इन दोनों महत्वपूर्ण पदों का दायित्व भी निभाती रहेंगी। वरिष्ठता क्रम में दीपक कुमार, बीएस मीना और लीना जौहरी भी इस पद की दौड़ में थे, लेकिन अर्चना अग्रवाल का दावा सबसे मजबूत माना जा रहा था।

प्रदेश की राजस्व व्यवस्था, भूमि प्रबंधन और राजस्व संबंधी अपीलों की सर्वोच्च संस्था राजस्व परिषद का अध्यक्ष पद प्रशासनिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है। ऐसे में अर्चना अग्रवाल की नियुक्ति को शासन स्तर पर अहम फैसला माना जा रहा है। अपनी प्रशासनिक दक्षता, प्रभावी निर्णय क्षमता और लंबे अनुभव के कारण वह नौकरशाही में एक मजबूत अधिकारी के रूप में जानी जाती हैं।

36 वर्ष का प्रशासनिक अनुभव

अर्चना अग्रवाल का राज्य और केंद्र सरकार में लंबा प्रशासनिक अनुभव रहा है। वह वर्ष 2009 में परिवहन आयुक्त भी रह चुकी हैं। केंद्र सरकार में प्रतिनियुक्ति के बाद इसी वर्ष उनकी उत्तर प्रदेश में वापसी हुई थी और उन्हें परिवहन विभाग का प्रमुख सचिव बनाया गया था। करीब 16 वर्ष बाद उन्हें फिर परिवहन विभाग की जिम्मेदारी मिली। सितंबर 2026 में वह भारतीय प्रशासनिक सेवा में 36 वर्ष का कार्यकाल पूरा कर सेवानिवृत्त होंगी।

राजस्व परिषद में महिला अधिकारियों का दबदबा

अर्चना अग्रवाल की नियुक्ति के साथ ही राजस्व परिषद के शीर्ष तीन प्रमुख पदों पर महिला अधिकारियों की तैनाती हो गई है। राजस्व परिषद की अध्यक्ष अर्चना अग्रवाल हैं, जबकि प्रमुख सचिव राजस्व का दायित्व अपर्णा यू. संभाल रही हैं। वहीं कंचन वर्मा राजस्व परिषद की सचिव हैं। प्रशासनिक हलकों में इसे महिला नेतृत्व की मजबूत उपस्थिति के रूप में देखा जा रहा है।

संबंधित समाचार