UP News: पीलीभीत के नौगंवा पकड़िया की चेयरमैन का ग्रामीणों संग कलेक्ट्रेट पर हल्ला बोल, जानें पूरा मामला
पीलीभीत, अमृत विचार। नौगवां पकड़िया में विकास कार्यों में बाधा डाले जाने और लगातार शिकायतें किए जाने के विरोध में सोमवार को ग्रामीणों का आक्रोश सामने आया। बड़ी संख्या में ग्रामीणों के साथ नगर पंचायत अध्यक्ष संदीप कौर कलक्ट्रेट पहुंचीं और जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की।
झूठी शिकायतों का लगाया आरोप
आरोप लगाया गया कि कुछ लोग व्यक्तिगत स्वार्थवश विकास कार्यों को प्रभावित करने के लिए लगातार शिकायतें कर रहे हैं। इससे न केवल नगर पंचायत के कार्य प्रभावित हो रहे हैं, बल्कि प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के लाभार्थियों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
लाभार्थियों पर दबाव बनाने को अवैध वसूली
ग्रामीणों और नगर पंचायत अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि कुछ व्यक्तियों द्वारा योजना के लाभार्थियों पर दबाव बनाने, धमकाने तथा अवैध वसूली करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
आपराधिक इतिहास की हो जांच
ज्ञापन में यह भी मांग उठाई गई कि संबंधित व्यक्तियों के आपराधिक इतिहास, हिस्ट्रीशीट, पूर्व में जिला बदर किए जाने जैसी सूचनाओं की पुलिस स्तर से जांच कराई जाए। साथ ही उनके आय के स्रोतों की भी पड़ताल की जाए। ग्रामीणों ने कहा कि पूर्व में उनके द्वारा की गई शिकायतों की जांच रिपोर्टों का भी अवलोकन कराया जाए ताकि वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सके। ग्रामीणों ने प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों से कथित अवैध वसूली के मामलों को गंभीरता से लेते हुए दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की। जिलाधिकारी से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराकर आवश्यक कदम उठाने की अपील की गई।
ग्रामीण बोले— विकास कार्यों में न डाली जाए बाधा
ज्ञापन देने पहुंचे ग्रामीणों का कहना था कि नगर पंचायत क्षेत्र में चल रहे विकास कार्य आम जनता के हित में हैं। ऐसे में अनावश्यक शिकायतों और विवादों के जरिए योजनाओं को प्रभावित करने की कोशिश नहीं होनी चाहिए। उन्होंने प्रशासन से मामले की सच्चाई सामने लाने और माहौल खराब करने वालों पर कार्रवाई की मांग की।
