Bareilly News: छज्जा लगाने के विवाद के बाद गांव में तांडव, लाठी-डंडों से हमला, युवक की चली गई जान

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मीरगंज, अमृत विचार। मीरगंज थाना क्षेत्र के गांव जाम में सोमवार को छज्जा लगाने को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। पड़ोसियों के बीच हुई मारपीट में लाठी-डंडे चले, जिसमें एक युवक की मौत हो गई जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।

कहासुनी के बाद विवाद
गांव निवासी कुंवर पाल पुत्र ठाकुर दास के अनुसार पड़ोसी महेंद्र कश्यप उनके मौजूदा छज्जे के ऊपर नया छज्जा बनवा रहे थे। सोमवार को उसकी शटरिंग का काम चल रहा था। कुंवर पाल ने इसका विरोध किया तो दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि महेंद्र कश्यप, करन और अन्य लोग घर में घुस आए और उनके भाई इंद्रपाल कश्यप पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। मारपीट में इंद्रपाल के सिर में गंभीर चोटें आईं।

अस्पताल में युवक की मौत
घायल इंद्रपाल को लेकर कुंवर पाल मीरगंज थाने पहुंचे और पुलिस को तहरीर दी। आरोप है कि शिकायत से नाराज होकर विपक्षी पक्ष ने कुंवर पाल के दूसरे भाई लक्ष्मण कश्यप (22) पर भी हमला कर दिया। लक्ष्मण के सिर में गंभीर चोट लगने के बाद उन्हें मीरगंज सीएचसी ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर बरेली रेफर कर दिया गया। रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

दो बेटियों के सर से उठा पिता का साया
मृतक लक्ष्मण कश्यप मेहनत मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते थे। वह विवाहित थे और उनकी दो छोटी बेटियां हैं, जिनकी उम्र करीब दो वर्ष और एक वर्ष बताई गई है। घटना की सूचना पर सीओ अजय कुमार और इंस्पेक्टर रवि कुमार पुलिस बल के साथ गांव पहुंचे। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कुंवर पाल की तहरीर पर महेंद्र कश्यप, अनोखे, करन, हरजीत, रामरतन और धर्मपाल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। एसपी दक्षिणी अंशिका वर्मा ने बताया कि दो आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।

संबंधित समाचार