दोस्त को आखिरी विदाई देने पहुंचे जैकी श्रॉफ, अंतिम संस्कार में हुए शामिल, सोशल मीडिया पर सादगी ने जीता सबका दिल
बैतूल। बॉलीवुड अभिनेता जैकी श्रॉफ ने मित्रता का अनूठा उदाहरण प्रस्तुत करते हुए अपने करीबी मित्र राधेश्याम तिवारी की अंतिम यात्रा में शामिल होने के लिए बैतूल पहुंचकर उन्हें अंतिम विदाई दी। जानकारी के अनुसार मुंबई निवासी राधेश्याम तिवारी लंबे समय से कैंसर से पीड़ित थे और उनका उपचार बैतूल के पाढ़र स्थित अस्पताल में चल रहा था। बीमारी के दौरान उनका बैतूल से विशेष लगाव हो गया था। निधन के बाद उनका अंतिम संस्कार बैतूल के कोठी बाजार मोक्षधाम में किया गया।
मित्र के निधन की सूचना मिलने पर जैकी श्रॉफ मुंबई से नागपुर पहुंचे और वहां से सड़क मार्ग से बैतूल आए। मोक्षधाम पहुंचकर उन्होंने मृतक के परिजनों से मुलाकात की तथा उन्हें सांत्वना दी। इसके बाद वे अंतिम संस्कार की पूरी प्रक्रिया के दौरान उपस्थित रहे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अभिनेता ने पूरे समय अत्यंत सादगी और शांत भाव से अपने मित्र को अंतिम विदाई दी।
उन्होंने किसी प्रकार का प्रचार-प्रसार या विशेष व्यवस्था नहीं चाही। बताया गया कि जब कुछ लोगों ने उनके साथ तस्वीर लेने की इच्छा जताई तो उन्होंने विनम्रतापूर्वक मना करते हुए कहा कि वे वहां अभिनेता के रूप में नहीं, बल्कि अपने मित्र को अंतिम विदाई देने आए हैं। कुछ घंटों के प्रवास के बाद जैकी श्रॉफ अंतिम संस्कार में शामिल होकर वापस लौट गए। उनके इस व्यवहार की बैतूल शहर में व्यापक चर्चा हो रही है और लोग इसे सच्ची मित्रता तथा संवेदनशीलता का उदाहरण बता रहे हैं।
