IPL कप्तानी में महा-बदलाव: पंत के इस्तीफे के बाद हार्दिक, अक्षर और रहाणे पर गिरी गाज; अगले सीजन से पहले फ्रेंचाइजियों का कड़ा रुख

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

नई दिल्ली: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) का 19वां सीजन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) की ऐतिहासिक बैक-टू-बैैक खिताबी जीत के साथ खत्म हो चुका है। रजत पाटीदार की अगुवाई में बेंगलुरु ने लगातार दूसरी बार ट्रॉफी जीती है और पाटीदार का कप्तान बने रहना बिल्कुल तय है। लेकिन टूर्नामेंट खत्म होते ही बाकी फ्रेंचाइजियों के खेमे से बड़े बदलावों की खबरें आने लगी हैं। कई टीमें आईपीएल 2027 के अगले संस्करण से पहले अपने नेतृत्व में बड़ा बदलाव करने जा रही हैं। इसी बीच सबसे बड़ी खबर लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) से आ रही है, जहां स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत ने खराब प्रदर्शन के बाद खुद कप्तानी पद से इस्तीफा दे दिया है।

लखनऊ की टीम इस सीजन पॉइंट्स टेबल में सबसे नीचे (10वें पायदान) रही। पंत के नेतृत्व में टीम 14 में से केवल 4 मुकाबले जीत सकी। न सिर्फ पंत की कप्तानी बल्कि उनका निजी प्रदर्शन और बल्लेबाजी क्रम में किए गए अजीबोगरीब बदलाव टीम के लिए घाटे का सौदा साबित हुए, जिसके बाद उन्होंने खुद ही कप्तानी छोड़ने का फैसला किया।

पंत के अलावा तीन और बड़ी टीमें हैं जो अगले सीजन से पहले अपने कप्तान बदलने के लिए पूरी तरह तैयार हैं:

हार्दिक पांड्या की होगी छुट्टी?

मुंबई इंडियंस ने पांच बार के चैंपियन कप्तान रोहित शर्मा को हटाकर भारी उम्मीदों के साथ हार्दिक पांड्या को टीम की कमान सौंपी थी। हार्दिक ने पहले गुजरात टाइटंस को चैंपियन बनाया था, लेकिन मुंबई के लिए उनका जादू पूरी तरह बेअसर रहा। पिछले साल खराब शुरुआत के बाद टीम जैसे-तैसे प्लेऑफ तक पहुंची थी, लेकिन इस सीजन मुंबई सबसे पहले टूर्नामेंट से बाहर होने वाली टीम बनी। अंदरूनी सूत्रों के मुताबिक, सीनियर खिलाड़ियों और कोचिंग स्टाफ की रणनीतियों में तालमेल की भारी कमी दिखी। माना जा रहा है कि आईपीएल 2027 से पहले मुंबई इंडियंस हार्दिक को कप्तानी से हटा सकती है, और ऐसी स्थिति में हार्दिक फ्रेंचाइजी का साथ भी छोड़ सकते हैं।

अक्षर पटेल की जगह नया लीडर

दिल्ली कैपिटल्स के लिए यह सीजन काफी उतार-चढ़ाव भरा रहा। अक्षर पटेल के नेतृत्व में टीम आखिरी पलों तक प्लेऑफ की धुंधली उम्मीदों के सहारे रेस में तो बनी रही, लेकिन अंततः सफल नहीं हो सकी। दिल्ली ने 14 में से 7 मुकाबले जीते, मगर अक्षर के कप्तानी फैसलों की जमकर आलोचना हुई। खुद को बल्लेबाजी क्रम में ऊपर प्रमोट करने का उनका फैसला फ्लॉप रहा, वहीं गेंदबाजी में भी वह 13 मैचों में सिर्फ 11 विकेट ही चटका सके। दिल्ली की फ्रेंचाइजी अब अगले सीजन के लिए एक नए और आक्रामक कप्तान की तलाश में है।

अजिंक्य रहाणे की कप्तानी पर संकट

श्रेयस अय्यर के जाने के बाद कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने अनुभवी अजिंक्य रहाणे को कप्तान नियुक्त किया था, जिन्हें ऑक्शन में शुरुआत में कोई खरीदार नहीं मिला था। रहाणे के नेतृत्व में केकेआर का ग्राफ लगातार नीचे गिरा है। उनकी कप्तानी में टीम पिछले साल 8वें और इस साल 7वें स्थान पर रही। 37 साल के हो चुके रहाणे ने इस सीजन 14 मैचों में सिर्फ 335 रन बनाए। खराब फॉर्म और लचर कप्तानी को देखते हुए केकेआर मैनेजमेंट न सिर्फ उन्हें कप्तानी से हटाने पर विचार कर रहा है, बल्कि उन्हें मेगा ऑक्शन से पहले रिलीज भी किया जा सकता है।

 

संबंधित समाचार