DG बनने के बाद IPS अशोक मुथा जैन ने की CM योगी से भेंट, गोरखनाथ मंदिर में किया दर्शन-पूजन

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

गोरखपुर। उत्तर प्रदेश पुलिस में पदोन्नति के बाद पुलिस महानिदेशक (डीजी) बने वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी अशोक मुथा जैन ने सोमवार को गोरखनाथ मंदिर पहुंचकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर श्री जैन ने मुख्यमंत्री को पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया तथा नई जिम्मेदारी के निर्वहन को लेकर मार्गदर्शन लिया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्हें डीजी पद पर पदोन्नति मिलने पर बधाई देते हुए सफल एवं उज्ज्वल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जैन के अनुभव और नेतृत्व में प्रदेश की कानून-व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी तथा अपराध नियंत्रण के क्षेत्र में प्रभावी परिणाम प्राप्त होंगे।

वर्ष 1995 बैच के उत्तर प्रदेश कैडर के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी अशोक मुथा जैन मूल रूप से आंध्र प्रदेश के गुंटूर जिले के निवासी हैं। वे अपने प्रभावी प्रशासनिक कौशल और अनुशासित कार्यशैली के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने तीन जुलाई 2025 को गोरखपुर जोन के अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) के रूप में कार्यभार ग्रहण किया था। 

गोरखपुर जोन में अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई, महिला सुरक्षा को प्राथमिकता, संगठित अपराध पर नियंत्रण तथा पुलिसिंग में आधुनिक तकनीक के उपयोग को बढ़ावा देने जैसी कई महत्वपूर्ण पहल कीं। उनके नेतृत्व में संचालित अभियानों से आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत हुई तथा पुलिस की कार्यप्रणाली के प्रति विश्वास बढ़ा। 

मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान श्री जैन ने प्रदेश में बेहतर पुलिसिंग व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकताओं के अनुरूप कानून-व्यवस्था बनाए रखना और नागरिकों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी।

मुलाकात के उपरांत श्री जैन ने गोरखनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन भी किया तथा प्रदेश की शांति, समृद्धि और सुरक्षा के लिए प्रार्थना की। उल्लेखनीय है कि अशोक मुथा जैन की गणना प्रदेश के अनुभवी और कुशल पुलिस अधिकारियों में की जाती है। उनके डीजी बनने से प्रदेश की पुलिस व्यवस्था को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

संबंधित समाचार