UP News: दो गुटों के बीच फायरिंग के बाद दहशत, तीन लोग छर्रे लगने से घायल, पुरानी रंजिश का मामला

Amrit Vichar Network
Published By Amrit Vichar
On

गजरौला, अमृत विचार।  थाना गजरौला क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर दो  पक्षों के बीच विवाद हो गया। इस दौरान हुई फायरिंग में एक पक्ष के तीन लोगों को छर्रे लग गए।पुलिस ने आठ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।  घटना गजरौला क्षेत्र के गांव नवदिया सुल्तानपुर की है।
 
बता दे कि कुलवीर सिंह और सुखचैन सिंह पड़ोसी हैं। करीब पांच-छह दिन पहले कुलवीर सिंह के भतीजे अंशप्रीत सिंह और बहन के बेटे मनरूप सिंह की सुखचैन सिंह के पुत्र हरप्रीत सिंह के साथ पूरनपुर कस्बे में कहासुनी हो गई थी। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच तनाव बना हुआ था। शाम दोनों पक्षों के कई लोग अपने-अपने घरों पर एकत्र थे। इसी दौरान शाम करीब पांच बजे विवाद बढ़ गया और दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए।

आरोप है कि विवाद के दौरान फायरिंग हुई, जिसमें कुलवीर सिंह पक्ष के सतेन्द्रपाल सिंह, सुखदेव सिंह और दलजीत सिंह को एक-एक छर्रा लगा। घायलों को उपचार दिलाया गया। पुलिस के अनुसार तीनों की चोटें सामान्य हैं और किसी की हालत गंभीर नहीं है। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने सुखचैन सिंह पक्ष के आठ लोगों को हिरासत में लिया है। गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है। थाना गजरौला में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

संबंधित समाचार