IPL 2026: इन 5 विदेशी सूरमाओं ने मचाया तहलका, अपने दम पर पलटा मैचों का पासा

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

नई दिल्लीः आईपीएल 2026 का रोमांचक सीजन खत्म हो चुका है। यह सीजन जहां कुछ दिग्गजों के लिए बेहद निराशाजनक रहा, वहीं कई खिलाड़ियों ने अपने प्रदर्शन से इतिहास के पन्नों में अपना नाम दर्ज करा लिया। इस बार राजस्थान रॉयल्स के युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी ने 'ऑरेंज कैप' पर कब्जा जमाया, तो गुजरात टाइटंस के रफ्तार के सौदागर कगिसो रबाडा ने 'पर्पल कैप' अपने नाम की।

इस सीजन में जहां कई नामी विदेशी सितारे फ्लॉप साबित हुए, वहीं 5 विदेशी खिलाड़ियों ने अपनी फ्रेंचाइजी के लिए मसीहा बनकर महफिल लूट ली। आइए नजर डालते हैं उन 5 विदेशी दिग्गजों पर जिन्होंने इस साल कोहराम मचाया:

1. हेनरिक क्लासेन (सनराइजर्स हैदराबाद)

सनराइजर्स हैदराबाद के धाकड़ विकेटकीपर-बल्लेबाज हेनरिक क्लासेन के लिए आईपीएल 2026 उनके करियर का स्वर्ण काल साबित हुआ। मिडिल ऑर्डर में आकर उन्होंने विरोधी गेंदबाजों की धज्जियां उड़ा दीं। क्लासेन ने इस सीजन के 15 मैचों में 160 के तूफानी स्ट्राइक रेट से 624 रन कूटे। सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले टॉप-5 बल्लेबाजों में शुमार क्लासेन ने 6 ताबड़तोड़ अर्धशतक भी जड़े।

2. जोफ्रा आर्चर (राजस्थान रॉयल्स)

चोट के बाद वापसी कर रहे जोफ्रा आर्चर ने राजस्थान रॉयल्स की जर्सी में विपक्षी बल्लेबाजों के मन में खौफ पैदा कर दिया। आर्चर की कटीली गेंदों का तोड़ किसी के पास नहीं था। उन्होंने 16 मुकाबलों में कुल 25 शिकार किए और पर्पल कैप की रेस में तीसरे नंबर पर रहे। राजस्थान रॉयल्स को क्वालिफायर-2 तक पहुंचाने में आर्चर के इन विकटों का सबसे बड़ा योगदान रहा।

3. कगिसो रबाडा (गुजरात टाइटंस)

गुजरात टाइटंस को आईपीएल 2026 के फाइनल तक का सफर तय कराने में तेज गेंदबाज कगिसो रबाडा का हाथ सबसे ऊपर रहा। रबाडा ने अपनी घातक गेंदबाजी के दम पर इस सीजन की 'पर्पल कैप' जीती। उन्होंने 17 मैचों में अपनी रफ्तार का जादू दिखाते हुए रिकॉर्ड 29 विकेट चटकाए और अपनी टीम के सबसे बड़े मैच विनर साबित हुए।

4. कूपर कोनोली (पंजाब किंग्स)

पंजाब किंग्स भले ही प्लेऑफ की रेस से बाहर हो गई हो, लेकिन उनके युवा विदेशी खिलाड़ी कूपर कोनोली ने अपने डेब्यू सीजन में ही सनसनी फैला दी। पहली बार आईपीएल खेल रहे कोनोली ने 14 मैचों में 163 के खतरनाक स्ट्राइक रेट से 491 रन ठोक डाले। इस दौरान उनके बल्ले से 1 शानदार शतक और 2 अर्धशतक भी निकले, जिसने फैंस का दिल जीत लिया।

5. मिचेल मार्श (लखनऊ सुपर जायंट्स)

लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के लिए यह सीजन उतार-चढ़ाव भरा रहा, लेकिन ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर मिचेल मार्श अकेले ही विरोधी टीमों से लोहा लेते रहे। टीम के बाकी बल्लेबाजों के फ्लॉप शो के बीच मार्श ने 13 मैचों में 163 के स्ट्राइक रेट से 563 रन बनाए। इस दमदार प्रदर्शन के दौरान मार्श ने 1 शतकीय और 3 अर्धशतकीय पारियां खेलकर अपनी क्लास साबित की।

 

संबंधित समाचार