प्रयागराज में एक ही परिवार के 4 लोगों की हत्या, बंद कमरे में मिले माता-पिता और बेटी के शव, दुकान में मिली बेटे की लाश; जांच में जुटी पुलिस
प्रयागराज। प्रयागराज में शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र के साउथ मलाका मुहल्ले में एक ही परिवार के चार सदस्यों की हत्या से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। हत्यारों ने कारोबारी 65 वर्षीय वीरेंद्र वैश्य, उनकी 60 वर्षीय पत्नी अनीता, 40 वर्षीय बेटी मीनाक्षी और 38 वर्ष के पुत्र अभिषेक वैश्य को मौत की नींद सुला दिया।
पुलिस के अनुसार तीन शव एक कमरे में थे जो बाहर से बंद था, वहीं पुत्र का शव बाद में भूतल पर दुकान में मिला। लोगों को दुर्गंध आने पर घटना का पता चला। पहले यह आशंका जताई जा रही थी कि गायब पुत्र अभिषेक ने ही वारदात को अंजाम दिया होगा। हालांकि उसकी भी लाश बरामद होने के बाद स्पष्ट प्रतीत हो रहा है कि इस हत्याकांड में किसी बाहरी व्यक्ति का हाथ है।
मंगलवार दोपहर मकान के नीचे दुकान चलाने वाले लोगों को दुर्गंध महसूस हुई तो उन्होंने पुलिस को जानकारी दी। खबर पाकर पुलिस के साथ ही फोरेंसिक की टीम मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल की। साउथ मलाका चौराहे पर वीरेंद्र वैश्य की बहुत बड़ी बिल्डिंग है। नीचे के हिस्से में दर्जन भर दुकानें हैं।
ऊपर के तल पर वीरेंद्र अपनी पत्नी अनिता, बेटी मीनाक्षी और पुत्र अभिषेक के साथ रहते थे। पुलिस ने छानबीन की तो घर के भीतर वीरेंद्र, अनिता और मीनाक्षी के शव पड़े मिले। तीनों के शरीर पर चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका जताई जा रही है।बाद में मकान के निचले तल पर दुकान में पुत्र अभिषेक का शव मिला।
पहले वीरेंद्र और बेटी मीनाक्षी की हत्या की पुष्टि हुई थी। बाद में जब पुलिस अंदर गई तो वीरेंद्र की पत्नी अनिता की भी लाश पड़ी थी। मृतक वीरेंद्र का पुत्र अभिषेक गायब था, इसलिए उस पर हत्या का संदेह जताया जा रहा था। बाद में मकान के निचले तल की दुकान में उसका शव बरामद होने के बाद कयास पर विराम लग गया।
पुलिस मामले की विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है और साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही इस हत्याकांड का खुलासा किए जाने की उम्मीद है। बताया जा रहा है कि वीरेंद्र वैश्य ने अपने मकान के निचले हिस्से में मार्केट बनवा रखी थी,। उनकी बेटी मीनाक्षी एक गिफ्ट सेंटर संचालित करती थीं और वीरेंद्र भी अक्सर उसी दुकान पर बैठते थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस कमिश्नर जोगेंद्र कुमार, एडिशनल पुलिस कमिश्नर अजय पाल शर्मा समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए। जांच एजेंसियां आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही हैं।
