Ayodhya : 42 डिग्री की तपिश के बीच मंडलायुक्त का निर्देश, अयोध्या में सड़कों के किनारे रोपे जाएंगे छायादार पौधे

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

राजेंद्र कुमार पांडेय/अयोध्या, अमृत विचार। शहर में नए सिरे से पर्यावरण संतुलन का प्रयास शुरू किया जा रहा है। इसके लिए अयोध्या की सड़कों के किनारे खाली स्थानों पर पौधे रोपे जाने की कार्ययोजना बनाकर इस पर काम शुरू कर दिया गया है। बारिश के साथ ही यह प्रयोग शुरू किया जाएगा।

शहर तप रहा है। 42 डिग्री सेल्सियस पर ही 48 का अहसास होता है। आदमी पसीना-पसीना हो रहा है। सड़क पर चलना मुश्किल हो रहा है। हरियाली गायब है। पशु-पक्षी छांव की तलाश में दिन चढ़ने के साथ ही शहर से सटे गांवों की ओर पलायन कर रहे हैं। इसके पीछे कारण हरियाली है। विकास के लिए पेड़ों की अंधाधुंध कटान हुई। जानते सभी हैं लेकिन न बोलना सबकी मजबूरी है। प्रशासन के अंदरखाने में भी इस पर अक्सर मंथन होता है। कैसे इस असंतुलन को दूर कर पहले जैसा किया जाए।

अब मंडलायुक्त राजेश कुमार ने इसका संज्ञान लेते हुए पहल की है। उन्होंने प्रयोग के तौर पर अयोध्या की प्रमुख सड़कों, 14 सौ और पंचकोसी परिक्रमा पथ के किनारे पौधरोपण का निर्देश दिया है। यह पौधे जहां भी सड़क के पास और नाली-नाला के बीच स्थान खाली हैं, वहां लगाए जाएंगे। पौधरोपण के लिए गडढे बनवाने का काम अयोध्या विकास प्राधिकरण और पौधरोपण का काम वन विभाग को सौंप दिया है।

रोपे जाएंगे छाया और गर्मी में पुष्प देने वाले पौधे

खासतौर से जो नई सड़कें बनाई गई हैं। उनके किनारे छाया देने वाले घने और गर्मी में आकर्षक लगने वाले मध्यम श्रेणी के पौधे लगाए जाएंगे। एक-एक किमी के पैच में अलग-अलग किसम के पौधे रोपे जाएंगे। जिससे देखने में भी अच्छा लगे और राहगीरों को खूब अच्छी छाया भी मिले। यह प्रयोग अभी फिलहाल राम नगरी क्षेत्र में ही किया जाएगा।

अयोध्या में सड़कों के किनारे घनी छाया देने वाले और गर्मियों में पुष्प देने वाले पौधों को कतारबद्ध ढंग से लगाने की रणनीति है। यहां पौधे कम होने से श्रद्धालुओं और आम लोगों को दिक्कत होती है। यह प्रयोग सफल रहा तो अन्य सड़कों के किनारे भी पौधे रोपे जाएंगे।-राजेश कुमार, मंडलायुक्त, अयोध्या।

ये भी पढ़ें  : 
लखनऊ स्टेशन पर आज से इन 10 बड़ी ट्रेनों का रूट बदला, कॉनकोर्स निर्माण के चलते नहीं होगा ठहराव

संबंधित समाचार