Moradabaad : नाबालिगों के हाथों में ई-स्कूटी, ई-बाइकों से बढ़े हादसे
यातायात पुलिस की ओर से एसएसपी को भेजी रिपोर्ट में खुलासा
मुरादाबाद, अमृत विचार। शहर में नाबालिग बच्चों द्वारा ई-स्कूटी और ई-बाइक चलाने की बढ़ती प्रवृत्ति अब यातायात पुलिस के लिए गंभीर चिंता का विषय बन गई है। सड़क हादसों में लगातार बढ़ोतरी और नियमों की अनदेखी को देखते हुए यातायात पुलिस ने इस संबंध विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर एसएसपी को भेजी जाएगी है।
रिपोर्ट में स्पष्ट रूप से कहा गया है कि नाबालिग बच्चे बड़ी संख्या में ई-स्कूटी और ई-बाइक सड़कों पर दौड़ा रहे हैं, जो दुर्घटनाओं की एक बड़ी वजह बनते जा रहे हैं। ई-स्कूटी और ई-बाइक के संचालन को लेकर कानून में स्पष्ट प्रावधानों की कमी और कुछ मामलों में मोटर व्हीकल एक्ट (एमवी एक्ट) के दायरे से बाहर होने के कारण इनके खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करना चुनौतीपूर्ण बन रहा है। यही वजह है कि कम उम्र के बच्चे बिना किसी डर के इन वाहनों का इस्तेमाल कर रहे हैं। यातायात जिला प्रभारी मिथलेश कुमार सिंह ने बताया कि सड़क हादसों को रोकने और नाबालिगों को वाहन चलाने से रोकने के लिए जनपद के 16 स्कूलों में विशेष अभियान चलाया गया है। इसके तहत स्कूलों के प्रधानाचार्यों, अध्यापकों और प्रबंधन समिति के सदस्यों के साथ बैठक की गईं। बैठकों में स्कूल प्रबंधन से अपील की गई कि वे नाबालिग छात्रों को बाइक, स्कूटी और ई-वाहनों से स्कूल आने पर प्रतिबंध लगाएं। यातायात पुलिस ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने नाबालिग बच्चों को वाहन न सौंपें और सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति गंभीरता दिखाएं।
