Rampur News: पाकिस्तान कनेक्शन में तीन युवकों से एटीएस की पूछताछ जारी, दूसरे दिन भी परिवारों में बनी रही बेचैनी
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामला एटीएस के स्तर का है और स्थानीय पुलिस को जांच संबंधी विस्तृत जानकारी उपलब्ध नहीं कराई गई है। सूत्रों के मुताबिक यदि डिजिटल जांच में कोई संदिग्ध गतिविधि नहीं मिलती है तो युवकों के मोबाइल वापस किए जा सकते हैं।
शाहबाद/रामपुर, अमृत विचार। पाकिस्तान के चर्चित आतंकी शहजाद भट्टी से सोशल मीडिया पर संभावित संपर्क के संदेह में एटीएस द्वारा उठाए गए तीन युवकों के मामले में जांच अभी जारी है। सूत्रों के अनुसार प्रारंभिक पूछताछ में कोई ठोस आपत्तिजनक तथ्य सामने नहीं आया है, लेकिन एटीएस ने युवकों के मोबाइल फोन और सोशल मीडिया गतिविधियों की गहन पड़ताल शुरू कर दी है। करीब तीन घंटे की पूछताछ के बाद युवकों को पहले ही छोड़ दिया गया था, जबकि उनके मोबाइल फोन जांच एजेंसी ने अपने कब्जे में रख लिए थे।
युवकों के परिवारों में दहशत और बेचैनी
बताया जा रहा है कि मोबाइल डेटा, चैट हिस्ट्री, कॉल डिटेल और विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर हुई गतिविधियों की जांच कराई जा रही है। वहीं कार्रवाई के दूसरे दिन बुधवार को युवकों के परिवारों में दहशत और बेचैनी का माहौल देखने को मिला। संबंधित घरों के बाहर सामान्य दिनों की तुलना में सन्नाटा पसरा रहा। मोहल्लों और बाजारों में भी पूरे दिन इसी मामले को लेकर चर्चाएं होती रहीं।
जांच एजेंसी की रिपोर्ट आने का इंतजार
परिजन जांच एजेंसी की रिपोर्ट आने का इंतजार कर रहे हैं और मामले को लेकर किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से बच रहे हैं। स्थानीय स्तर पर इस कार्रवाई के बाद चर्चाओं का दौर जारी है। हालांकि, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामला एटीएस के स्तर का है और स्थानीय पुलिस को जांच संबंधी विस्तृत जानकारी उपलब्ध नहीं कराई गई है। सूत्रों के मुताबिक यदि डिजिटल जांच में कोई संदिग्ध गतिविधि नहीं मिलती है तो युवकों के मोबाइल वापस किए जा सकते हैं। वहीं किसी प्रकार के आपत्तिजनक संपर्क या सामग्री मिलने पर जांच का दायरा और बढ़ाया जा सकता है।
