UP News : यूपी पुलिस में बड़े पैमाने पर डिप्टी एसपी के ट्रांसफर, 206 के बदले कार्यक्षेत्र 

Amrit Vichar Network
Published By Ateeq Khan
On

यूपी भर में पुलिस उपाधीक्षकों के तबादलों से विभाग में हलचल मच गई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सुरक्षा में तैनात रहे डिप्टी एसपी जितेंद्र कुमार, शाहजहांपुर के पुलिस उपाधीक्षक बनाए गए हैं। राजधानी लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट में तैनात अधिकारियों को भी जिलों में भेजा गया है।

अमृत विचार, लखनऊ : उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था सुधारने को लेकर डीजीपी राजीव कृष्णा ने कसरत शुरू कर दी है। गुरुवार को बड़े पैमाने पर पुलिस उपाधीक्षकों (up police deputy sp Transfer) के तबादले किए गए हैं। राजधानी लखनऊ समेत यूपी के विभिन्न जनपदों में तैनात 206 पुलिस उपाधीक्षकों के कार्यक्षेत्र बदल दिए हैं। शासन ने ट्रांसफर लिस्ट जारी कर दी है। 

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सुरक्षा में तैनात रहे डिप्टी एसपी जितेंद्र कुमार, शाहजहांपुर के पुलिस उपाधीक्षक बनाए गए हैं। रजनीश कुमार उपाध्याय को बदायूं से कासगंज भेजा गया है। अमन सिंह को सीतापुर से संभल में तैनाती मिली है। 

लखनऊ के सहायक पुलिस आयुक्त अभय प्रताप मल्ल को बलमराम के डिप्टी एसपी की जिम्मेदारी दी गई है। गृह विभाग की ओर से जारी आदेश के अनुसार डिप्टी एसपी स्तर के अधिकारियों को विभिन्न जिलों, कमिश्नरेटों, पीएसी बटालियनों तथा विशेष इकाइयों में नई तैनाती दी गई है। तबादला सूची में लखनऊ, कानपुर नगर, वाराणसी, आगरा, गाजियाबाद, प्रयागराज, गोरखपुर, मेरठ, अयोध्या, झांसी, बरेली और नोएडा सहित प्रदेश के कई महत्वपूर्ण जिलों एवं पुलिस कमिश्नरेटों के अधिकारियों के नाम शामिल हैं।

जिलों से कमिश्नरेट में पहुंचे अधिकारी 

इस प्रशासनिक फेरबदल के तहत कई अधिकारियों को जिला पुलिस से कमिश्नरेट प्रणाली में स्थानांतरित किया गया है, जबकि कुछ अधिकारियों को पीएसी, सीआईडी, रेलवे पुलिस और अन्य विशेष सुरक्षा इकाइयों में नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

सरकार के आदेश के अनुसार विभिन्न जनपदों में तैनात क्षेत्राधिकारियों (सीओ) और पुलिस उपाधीक्षकों के कार्यक्षेत्र में भी व्यापक बदलाव किया गया है। कई अधिकारियों को नई जिम्मेदारियों के साथ संवेदनशील और महत्वपूर्ण तैनाती दी गई है।

इसके अलावा मुख्यमंत्री सुरक्षा, पुलिस मुख्यालय, पुलिस प्रशिक्षण संस्थानों तथा विशेष शाखाओं में भी अधिकारियों की नई नियुक्तियां की गई हैं। माना जा रहा है कि यह फेरबदल कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने तथा प्रशासनिक कार्यकुशलता बढ़ाने के उद्देश्य से किया गया है।

सरकार के इस निर्णय के बाद कई जिलों में पुलिस व्यवस्था और कार्यप्रणाली में बदलाव देखने को मिल सकता है। अधिकारियों को शीघ्र ही नई तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।

 

लिंक पर क्लिक करके देखें ट्रांसफर लिस्ट 

https://www.amritvichar.com/media-webp/2026-06/pps-01-206-dy.sp-press-note-04-06-26.pdf

संबंधित समाचार