Azamgarh News: आजमगढ़ में कोचिंग छात्रा ने बीच सड़क की मनचले की पिटाई, सोशल मीडिया पर Video Viral
आजमगढ़, अमृत विचार। आजमगढ़ जिले के देवगांव कोतवाली क्षेत्र में कोचिंग से घर लौटते समय रोज की छेड़खानी से परेशान छात्रा ने बीच सड़क में मनचले की पिटाई कर दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर खूब तेजी से वायरल हो रहा है। परिजनों का आरोप है कि एक मनचला लंबे समय से छात्रा का पीछा कर रहा था। वह न केवल फब्तियां कसता था, बल्कि अश्लील हरकतें भी करता था।
शिकायत के बावजूद सोती रही रही पुलिस
छेड़खानी से परेशान छात्रा ने हिम्मत दिखाकर देवगांव कोतवाली में कई बार लिखित शिकायत दर्ज कराई, लेकिन पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया और कार्रवाई करने की जहमत नहीं उठाई। ऐसे में पुलिस से कोई मदद न मिलने पर छात्रा ने खुद अपनी सुरक्षा का फैसला किया।
सरेराह मनचले की पिटाई
वहीं छात्रा को जब साहिल ने बीच सड़क पर रोकने की कोशिश की, तो छात्रा का गुस्सा फूट पड़ा। उसने सरेराह मनचले की थप्पड़-घूसों से जमकर पिटाई कर दी। इस दौरान वहां मौजूद लोगों ने इसका वीडियो बना लिया, जो अब पुलिस प्रशासन के लिए गले की हड्डी बन चुका है।
वीडियो वायरल होने पर जागी पुलिस
लालगंज क्षेत्रधिकारी भूपेश प्रताप पांडे ने कहा कि वायरल वीडियो का आजमगढ़ पुलिस ने संज्ञान लिया है, छात्रा के परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है, साथ ही बाल अपचारी मनचले को पुलिस ने अभिरक्षा में लेकर कार्रवाई कर रही है।
