बाराबंकी : डीएम ने बाढ़ संभावित गांवों का किया निरीक्षण, कहा- समय रहते पूरी करें तैयारी

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह ने तहसील रामसनेहीघाट क्षेत्र के ग्राम गुनौली, जलालपुर तराई, ढेमा, कोयलावर एवं टिकरी का स्थलीय निरीक्षण कर संभावित बाढ़ के दृष्टिगत की जा रही तैयारियों की समीक्षा की।

बाराबंकी, अमृत विचार। जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह ने तहसील रामसनेहीघाट क्षेत्र के ग्राम गुनौली, जलालपुर तराई, ढेमा, कोयलावर एवं टिकरी का स्थलीय निरीक्षण कर संभावित बाढ़ के दृष्टिगत की जा रही तैयारियों की समीक्षा की। सरयू नदी में जलस्तर बढ़ने पर ये गांव प्रायः मरुंड (चारों ओर से जलमग्न होकर संपर्क विहीन) हो जाते हैं, जिसे देखते हुए जिलाधिकारी ने मौके पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि बाढ़ पूर्व सभी आवश्यक तैयारियां समय से पूर्ण की जाएं, ताकि आपात स्थिति में प्रभावित ग्रामीणों को त्वरित राहत एवं सहायता उपलब्ध कराई जा सके। उन्होंने उप जिलाधिकारी रामसनेहीघाट अनुराग सिंह को बाढ़ चौकियों, राहत सामग्री, सुरक्षित आश्रय स्थलों, संपर्क मार्गों, नावों एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

डीएम ने प्राथमिक विद्यालय गुनौली में ग्रामीणों से किया संवाद

जिलाधिकारी ने प्राथमिक विद्यालय गुनौली के प्रांगण में ग्रामीणों से संवाद कर सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन का फीडबैक भी लिया तथा उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने खण्ड विकास अधिकारी पूरेडलई को निर्देशित किया कि सभी पात्र लाभार्थियों को शत-प्रतिशत योजनाओं से आच्छादित किया जाए, ताकि कोई भी व्यक्ति शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से वंचित न रहे।

उन्होंने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा, समयबद्ध राहत एवं बचाव व्यवस्था तथा जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना है। निरीक्षण के दौरान भारत की जनगणना-2027 के अंतर्गत एचएलबी गणना की प्रगति की भी समीक्षा की गई। इस मौके पर उप जिलाधिकारी रामसनेहीघाट अनुराग सिंह, खण्ड विकास अधिकारी पूरेडलई सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

संबंधित समाचार

टॉप न्यूज