CCTV से लैस होंगे कृषि विश्वविद्यालय के सभी छात्रावास, कुलपति ने सभी वार्डन को छात्रों से नियमित दो घंटे करें काउंसिलिंग करने के दिए निर्देश
अयोध्या, अमृत विचार : सभी छात्रावास में तत्काल प्रभाव से सीसीटीवी कैमरा लगाए जाएं। समस्त वार्डन अपने छात्रावास में रोज कम से कम दो घंटे काउंसिलिंग (बच्चों से बातचीत) करें। ये निर्देश शनिवार को आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह ने दिये। वह विश्वविद्यालय के एग्री बिजनेस मैनेजमेंट के प्रेक्षागृह में सभी विभागाध्यक्षों, समस्त छात्रावास अधीक्षक, सह छात्रावास अधीक्षक व शिक्षकों के साथ बैठक कर रहे थे।
गत दिवस विवि के कालिंदी छात्रावास में संदिग्ध हालात में हुई छात्र की मौत पर कुलपति ने बैठक में कड़ा रुख अपनाते हुए निर्देश दिये कि छात्र-छात्राओं की शिकायतें दर्ज करने के लिए शीघ्र ही ईमेल उपलब्ध कराएं, सिंगल विंडो सिस्टम तैयार करने व छात्रवासों का ऑनलाइन मॉनीटरिंग सिस्टम डेवलप करने की बात कही। कहा कि प्रत्येक छात्रावासों में शिकायती लेटर बॉक्स बनाए जाएं। उन्होंने विभिन्न महाविद्यालयों के छात्र-छात्राओं के साथ संवाद किया और संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के शीघ्र समाधान का निर्देश दे दिया। कड़े शब्दों में चेतावनी दी कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक से पूर्व कुलपति ने छह से अधिक छात्रावासों का भ्रमण कर वहां की खामियों को भी देखा। छात्र-छात्राओं के साथ बातचीत भी की। कुलपति ने छात्रावासों की मरम्मत के साथ-साथ पानी की समस्या टंगी की सफाई, सोलर पैनल और प्लेसमेंट सेल को बढ़ावा देने के दिशा-निर्देश दिए। संवाद के दौरान कुलपति के सचिव डॉ. जसवंत सिंह, निदेशक प्रशासन डॉ सुशांत श्रीवास्तव, छात्र कल्याण अधिष्ठाता डॉ. डी. नियोगी मौजूद रहे।
