Barabanki News : डीएम ने निर्माणाधीन ITI और BRC भवन का किया निरीक्षण, कहा- श्रमिक बढ़ाकर तेज करें काम

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह ने शनिवार को तहसील सिरौलीगौसपुर क्षेत्र में विभिन्न निर्माणाधीन परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लिया।

सिरौलीगौसपुर/बाराबंकी, अमृत विचार। जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह ने शनिवार को तहसील सिरौलीगौसपुर क्षेत्र में विभिन्न निर्माणाधीन परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों व कार्यदायी संस्थाओं को सभी परियोजनाएं निर्धारित समयावधि में मानकों के अनुरूप पूर्ण कराने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने करीब 4.81 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), सिरौलीगौसपुर तथा 294.16 लाख रुपये की लागत से बन रही आधुनिक कार्यशाला एवं प्रशिक्षण कक्ष का निरीक्षण किया।

गुणवत्ता बनाए रखने पर दिया जोर

कार्य प्रगति की समीक्षा के दौरान उन्होंने श्रमिकों की संख्या बढ़ाकर परियोजना को अगस्त 2026 तक पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही भवन निर्माण, विद्युत, जलापूर्ति, सैनिटरी एवं फिनिशिंग कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने पर जोर दिया। इसके बाद उन्होंने प्राथमिक विद्यालय पीठापुर परिसर में ग्रामीण अभियंत्रण विभाग द्वारा निर्मित ब्लॉक संसाधन केंद्र (बीआरसी) भवन का निरीक्षण किया।

निर्माण कार्य लगभग पूर्ण मिलने पर उन्होंने भवन का शीघ्र हैंडओवर लेकर संचालन शुरू कराने के निर्देश दिए। विद्यालय परिसर में स्थित जर्जर भवन को ध्वस्त कराने तथा परिसर में फलदार व छायादार पौधों का रोपण कराने को भी कहा। इस दौरान उपजिलाधिकारी अनिल सरोज सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

संबंधित समाचार

टॉप न्यूज