परीक्षा में अनियमितता : परीक्षा केंद्र पांच साल के लिए बैन, दोनों पेपर रद्द, सीसीटीवी रिपोर्ट के आधार पर निर्णय, जानें पूरा मामला

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

अयोध्या, अमृत विचार। डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. बिजेन्द्र सिंह की अध्यक्षता में शनिवार शाम कौटिल्य प्रशासनिक भवन स्थित मीटिंग हाल में परीक्षा समिति की बैठक हुई। इसमें सत्र 2025-26 की विधि पाठ्यक्रम की विषम सेमेस्टर परीक्षाओं में बरती गई अनियमितताओं पर कड़ा फैसला लिया गया।

टीआरसी विधि महाविद्यालय, बाराबंकी के परीक्षार्थियों के लिए राम सजीवन सावित्री देवी महाविद्यालय बरियारपुर बाराबंकी को परीक्षा केंद्र बनाया गया था। 22 मई को प्रथम पाली में त्रिवर्षीय एलएलबी द्वितीय सेमेस्टर व पंचवर्षीय षष्ठम सेमेस्टर पेपर के दौरान विश्वविद्यालय के सचल दल ने केंद्र का निरीक्षण किया। 

सचल दल की रिपोर्ट और सीसीटीवी रिकॉर्डिंग समिति ने परीक्षण कर आख्या सौंपी। आख्या के आधार पर उस तिथि व पाली में दोनों प्रश्नपत्रों की परीक्षाएं निरस्त कर दी गईं। पुनर्परीक्षा विश्वविद्यालय परिसर में कराई जाएगी। नई तिथि की सूचना अलग से जारी होगी। राम सजीवन सावित्री देवी महाविद्यालय, बरियारपुर को पांच वर्षों तक किसी भी परीक्षा का केंद्र नहीं बनाया जाएगा।

पुनर्परीक्षा कराने में होने वाला पूरा व्यय दोषी परीक्षा केंद्र द्वारा दिया जाएगा। टीआरसी  विधि महाविद्यालय बाराबंकी को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब मांगा जाएगा। बैठक में कुलसचिव विनय कुमार सिंह, वित्त अधिकारी पूर्णेन्दु शुक्ल, प्रो. मृदुला मिश्रा, प्रो. शैलेन्द्र कुमार वर्मा, प्रो. एसके रायजादा, उपकुलसचिव अजय कुमार गौतम आदि उपस्थित रहे।

संबंधित समाचार

टॉप न्यूज