दिल्ली के कांस्टिट्यूशन क्लब में इंडिया गठबंधन की बैठक कल, 23 पार्टियां शामिल होंगी
कांग्रेस ने कहा कि इंडिया गठबंधन की बैठक में कुछ पार्टियां शामिल नहीं हो रही हैं। उनके अपने कारण हैं, लेकिन सरकार की वर्तमान नीतियों के खिलाफ सभी ने कड़ा विरोध व्यक्त किया है।
अमृत विचार : दिल्ली के कांस्टीट्यूशन क्लब में सोमवार को इंडिया गठबंधन की बैठक है। डीएमके ने इसमें शामिल होने से इनकार कर दिया है। कांग्रेस के मुताबिक, 23 राजनीतिक दलों ने बैठक में शामिल होने की पुष्टि की है। कुछ पार्टियां शामिल नहीं हो पाएंगी। उनके अपने कारण हैं। लेकिन सरकार की नीतियों के खिलाफ सबने कड़ा विरोध व्यक्त किया है।
कांग्रेस ने सोशल मीडिया हैंडल-एक्स पर एक पोस्टर शेयर करते हुए लिखा कि, सरकार लाखों भारतीयों से उनका वोट का अधिकार छीन रही हैं। संविधान पर हमला कर रही हैं। जांच एजेंसियों के जरिए विपक्षी नेताओं को निशाना बना रही है। करोड़ों भारतीयों की रोजी-रोटी को गंभीर नुकसान पहुंचा रही है। लगातार महंगाई के जरिए घरेलू बजट को बिगाड़ रही हैं। लाखों युवाओं की उम्मीदों और आकांक्षाओं के साथ विश्वासघात कर रही हैं। निवेश के माहौल को कमजोर कर रही हैं और अपनी विदेश नीति के जरिए राष्ट्रीय हितों से समझौता कर रही है। इंडिया गठबंधन पूरी एकजुटता के साथ खड़ा है।
डीएमके का इनकार
तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के बाद कांग्रेस और डीएमके के रास्ते अलग हो चुके हैं। कांग्रेस, टीवीके को समर्थन देकर सरकार का हिस्सा बन गई। इससे नाराज डीएमके ने कांग्रेस और इंडिया गठबंधन से भी दूरी बना ली है। डीएमके ने सोमवार को होने वाली बैठक में शामिल होने से इनकार कर दिया है।
गठबंधन का हिस्सा नहीं है आप-संजय सिंह
आम आदमी पार्टी के नेता और राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने कहा कि आप इंडिया गठबंधन का हिस्सा नहीं है। डीएमके के बाद आप ने भी बैठक से पैर पीछे खींच लिए हैं।
टुकड़ों में बिखरा गठबंधन-भाजपा
विपक्षी दलों के ब्लॉक, इंडिया गठबंधन को लेकर भाजपा, कांग्रेस पर हमलावर है। भाजपा के प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कहा कि पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, केरल समेत पांच राज्यों में हुए चुनाव के वक्त ही गठबंधन टुकड़ों में बिखर गया था। उन्होंने चुनाव परिणाम से पहले ही ये भविष्यवाणी कर दी थी कि 4 मई के बाद गठबंधन नहीं बचेगा। और अब गठबंधन के टुकड़े-टुकड़े हो गए हैं।
