मर्डर या सुसाइड? संतकबीरनगर में विवाहिता की मौत पर हंगामा, पति समेत परिजनों पर हत्या का आरोप

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

संतकबीर नगर। उत्तर प्रदेश में संतकबीरनगर जिले के बखिरा थाना क्षेत्र के तिघरा गांव में आज दोपहर में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। ससुरालियों ने जहां आत्महत्या की बात कही है वहीं मायके पक्ष ने पति समेत ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाया है। उनका आरोप है कि बच्चा पैदा न होने और दहेज की मांग को लेकर महिला को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। पुलिस ने इस मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह ने यहाँ बताया कि मृतका के भाई जितेंद्र कुमार ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया है कि उनकी बहन कुसुम का विवाह 4 मई 2023 को कन्हैया कन्नौजिया निवासी तिघरा, थाना बखिरा, संतकबीरनगर के साथ हुआ था। जितेंद्र के अनुसार, शादी के कुछ समय बाद से ही ससुराल पक्ष कुसुम को बच्चा न होने को लेकर ताने देता था और उसे मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित करता था।

परिजनों ने आरोप लगाया है कि ससुराल पक्ष 50 हजार रुपये के अतिरिक्त दहेज की मांग भी कर रहा था। मांग पूरी न होने पर विवाहिता के साथ मारपीट और दुर्व्यवहार किया जाता था। उनका दावा है कि कन्हैया और उसके परिवार के लोगों ने मिलकर कुसुम की गला कसकर हत्या कर दी। आरोप है कि हत्या के बाद घटना को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को फंदे से लटकाया गया और बाद में स्वयं ही नीचे उतार लिया गया।

मृतका के परिजनों का यह भी दावा है कि उसके शरीर के कई हिस्सों पर चोट के निशान मिले हैं।  घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। इस दौरान आक्रोशित परिजनों ने पुलिस के सामने हंगामा किया और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। एएसपी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। 

संबंधित समाचार