राम मंदिर से चढ़ावे के करोड़ों रुपये गायब... अखिलेश यादव का बड़ा आरोप, कोर्ट से की यह बड़ी मांग
लखनऊ। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रविवार को दावा किया कि अयोध्या स्थित राम मंदिर के चढ़ावे में आए करोड़ों रुपये गायब हो गये। अखिलेश यादव ने इस मामले में अदालत से स्वतः संज्ञान लेने का अनुरोध किया।
उन्होंने रविवार को 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, "समस्त विश्व में भगवान राम के उपासकों के लिए ये एक बेहद संवेदनशील समाचार है कि 'राम मंदिर' के चढ़ावे की करोड़ों की रकम गायब पायी गई है।" अखिलेश यादव ने पोस्ट में कहा, "ये मंदिर ट्रस्ट के लिए अत्यंत शर्मनाक स्थिति है। कोई भी सफाई देने के लिए सामने नहीं आना चाहता है।"
पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा, "अदालत से स्वतः संज्ञान लेने की मांग है क्योंकि इसका सीधा संबंध वैश्विक स्तर पर समस्त सनातनी समाज की प्रभु राम में गहरी आस्था से जुड़ा है। सरकार की चुप्पी संदिग्ध है।" हालांकि, इस मामले को लेकर अभी तक सरकार या श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
