UP Constable Recruitment : सिपाही भर्ती परीक्षा कल से शुरू, लखनऊ समेत सभी जिलों में हाई अलर्ट, STF की निगरानी में प्रश्नपत्र
28 लाख अभ्यर्थियों की परीक्षा में यूपी सरकार और बोर्ड की अग्निपरीक्षा कल से
नीट प्रश्नपत्र लीक होने के बाद पूरे देश में मचे बवाल के बीच उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड की 32,679 पदों के लिए रविवार से शुरु हो रही आरक्षी भर्ती परीक्षा को लेकर राज्य के सभी 75 जिलों को हाई अलर्ट कर दिया गया है।
लखनऊ, अमृत विचार : नीट प्रश्नपत्र लीक होने के बाद पूरे देश में मचे बवाल के बीच 32,679 पदों के लिए रविवार से शुरु हो रही आरक्षी भर्ती परीक्षा को लेकर राज्य के सभी 75 जिलों को हाई अलर्ट कर दिया गया है। एसटीएफ की निगरानी में प्रश्नपत्र पहुंचाए जाएंगे, जबकि डीएम-कप्तान को सुचिता की कमान सौंपी गई है। शासन से मॉनिटरिंग के सख्त इंतजाम के बीच यह परीक्षा सुरक्षा और पारदर्शिता की बड़ी कसौटी मानी जा रही है। लगभग 28 लाख 86 हजार 797 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे, जिसके लिए प्रदेशभर में 1,183 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।
उत्तर प्रदेश पुलिस आरक्षी (सिपाही) नागरिक पुलिस सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा सोमवार से प्रारंभ हो रही है। यह परीक्षा 8, 9 एवं 10 जून 2026 को प्रदेश के सभी 75 जिलों में परीक्षा प्रतिदिन दो पालियों में आयोजित होगी। प्रथम पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा द्वितीय पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक संचालित की जाएगी। अभ्यर्थियों को प्रश्नपत्र हल करने के लिए निर्धारित समय के अतिरिक्त 5 मिनट अतिरिक्त भी दिए जाएंगे। शासन और पुलिस मुख्यालय स्तर से परीक्षा व्यवस्था नजर रखी जाएगी। सभी जिलों को हाई अलर्ट पर रखा गया है।
परीक्षा केंद्रों से लेकर प्रश्नपत्रों के परिवहन तक हर चरण पर एसटीएफ, स्थानीय पुलिस और प्रशासन की संयुक्त निगरानी रहेगी। शासन का स्पष्ट संदेश है कि किसी भी स्तर पर लापरवाही या गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी, चेकिंग व्यवस्था और प्रवेश प्रक्रिया को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। नकल माफियाओं और सॉल्वर गैंग पर नजर रखने के लिए एसटीएफ की टीमें लगातार सक्रिय हैं। परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए जिला प्रशासन की ओर से इंतजाम किए गए हैं। जिला मुख्यालय पर बनाए गए कंट्रोलरूम से व्यवस्थाओं की मॉनिटरिंग की जाएगी।
हर पाली में 4.81 लाख से अधिक परीक्षार्थी-शिरडकर
डीजी भर्ती बोर्ड एसबी शिरडकर ने बताया कि भर्ती परीक्षा में कुल अभ्यर्थियों की संख्या को देखते हुए प्रत्येक पाली में लगभग 4,81,416 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए प्रशासन, पुलिस विभाग तथा जिला प्रशासन की ओर से व्यापक तैयारियां की गई हैं। परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ किया गया है तथा अभ्यर्थियों की पहचान और प्रवेश प्रक्रिया के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं।
अतिरिक्त बसें और अनारक्षित विशेष ट्रेनें
परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचाने के लिए राजधानी लखनऊ से 17 शहरों के लिए 125 अतिरिक्त बसों का इंतजाम किया गया है। बदायूं से 130 सरकारी और 43 अनुबंधित बसें चलाई जा रही हैं। रायबरेली से विभिन्न जिलों के लिए 173 बसों का संचालन किया गया। गोंडा में रविवार की दोपहर तक 20 बसें आरक्षित खड़ी कर दी गई जबकि 50 अतिरिक्त बसें चलाई गई हैं।
इसी तरह अयोध्या, गोरखपुर, कानपुर, बरेली, मुरादाबाद, मेरठ आदि जिलों में 25 से अधिक अतिरिक्त बसों का संचालन किया गया है, ताकि विद्यार्थियों को यात्रा संबंधी समस्या का सामना न करना पड़े। बसों के साथ उत्तर रेलवे और पूर्वोत्तर रेलवे द्वारा गोरखपुर, लखनऊ, आजमगढ़, बलिया, बरेली और मथुरा के बीच अनारक्षित परीक्षा विशेष गाड़ियां चलाई गई हैं।
