Kanpur News: कानपुर में ट्रैफिक व्यवस्था ध्वस्त, जाम के झाम उलझे वाहन

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

कानपुर, अमृत विचार। कांस्टेबिल भर्ती परीक्षा के पहले दिन सोमवार को यातायात की कोई मजबूत व्यवस्था नहीं होने के कारण लाखों लोग घंटों जाम में उलझे रहे। शाम होते ही अपना कानपुर जाम-पुर नजर आने लगा। हर तरफ जाम ही जाम दिखाई दिया और यातायात की व्यवस्था ध्वस्त हो गयी।सोमवार को सायं 5.30 बजे कांस्टेबिल भर्ती की परीक्षा समाप्त हुई तो अचानक शहर की सड़कों पर यातायात का लोड बढ़ गया। स्थित ये रही कि घंटाघर चौराहे के चारों ओर के मुख्य मार्ग भीषण जाम में उलझ गये जिससे कई घंटे लोग फंसे रहे। 

जाम में फंसकर छूटी कई लोगों की ट्रेनें

इस जाम में फंसकर कई लोगों की ट्रेनें छूट गयीं। स्थिति ये रही कि घंटाघर से एक्सप्रेस रोड, घंटाघर से टाटमिल, घंटाघर से सुतरखाना, घंटाघर से कोपरगंज होते हुए जरीब चौकी जाने वाला मार्ग देर रात तक महाजाम में फंसा रहा। देर शाम सीपीसी रेलवे गोदाम के पास हजारों वाहन आपस में उलझ गये जिससे चाचा नेहरु हॉस्पिटल से झकरकटी पुल की ओर जाने वाला मुख्य मार्ग भी जाम में जकड़ गया। सैकड़ों लोगों ने ऑटो, टेंपो, ई रिक्शा छोड़ दिया और बासमंडी से पैदल ही स्टेशन जाने को मजबूर हुए। 

झकरकटी बस अड्डे पर पहुंचे हजारों परीक्षार्थी

उधर शहीद मेजर सलमान खान अंतर्राज्यीय झकरकटी बस अड्डे पर बस पकड़ने के लिए हजारों परीक्षार्थियों की भीड़ शाम सात बजे के बाद पहुंची जिससे बस अड्डा के बाहर भीषण जाम लगा, इस जाम के कारण टाटमिल चौराहा, अफीमकोठी चौराहा तक हजारों वाहन उलझे रहे। इसी प्रकार परेड, मूलगंज, मेस्टन रोड, बड़ा चौराहा से बादशाही नाका होते हुए रेलवे स्टेशन आने वाले वाहन बुरी तरह जाम में जकड़े रहे। इसी प्रकार बड़ा चौराहा से परेड तक एवं वीआईपी रोड बुरी तरह जाम में फंसा रहा।

ऑटो, टेंपो, ई रिक्शा चालकों ने वसूला मनमाना किराय, घंटों परेशान

कांस्टेबिल भर्ती परीक्षा के लिए कानपुर महानगर आये जवानों की भीड़ के कारण शहर में ऑटो, टेंपो, ई रिक्शा की कमी हो गयी। नतीजा ये रहा कि ऑटो, ई रिक्शा, टेंपो चालकों ने खूब मनमाना किराया वसूला। स्थित ये रही कि कानपुर सेंट्रल स्टेशन से झकरकटी बस अड्डा तक वाहन चालकों ने 50-50 रुपये प्रति यात्री किराया वसूला। इसी प्रकार शहर में संसाधन की भारी कमी के चलते लोगों से कई गुना किराया वसूला गया।

संबंधित समाचार