UPESSC : यूपीईएसएससी ने घोषित किया सहायक प्रोफेसर भर्ती परीक्षा का परिणाम, 3,155 अभ्यर्थी हुए सफल

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग (यूपीईएसएससी ) ने अशासकीय सहायता प्राप्त (एडेड) महाविद्यालयों के लिए आयोजित असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती की लिखित पुनर्परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया है।

प्रयागराज। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग (यूपीईएसएससी ) ने अशासकीय सहायता प्राप्त (एडेड) महाविद्यालयों के लिए आयोजित असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती की लिखित पुनर्परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया है। 33 विषयों के कुल 910 पदों के लिए हुई इस परीक्षा में लिखित परीक्षा के अंकों के आधार पर 3,155 अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के लिए औपबंधिक रूप से सफल घोषित किया गया है। 

जुलाई में जारी होगा इंटरव्यू का विस्तृत कार्यक्रम 

आयोग ने अपनी वेबसाइट www.upessc.up.gov.in पर परीक्षाफल अपलोड कर दिया है। आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने बताया कि सफल अभ्यर्थियों के साक्षात्कार (इंटरव्यू) का विस्तृत कार्यक्रम जुलाई मध्य में जारी किया जाएगा। इसकी सूचना आयोग की वेबसाइट के साथ-साथ अभ्यर्थियों के पंजीकृत मोबाइल नंबर पर एसएमएस और उनकी ई-मेल आईडी पर भी दी जाएगी।

वर्तमान में प्रवक्ता संवर्ग (पीजीटी)-2022 के प्रस्तावित साक्षात्कार, प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक (टीजीटी)-2022 के परीक्षा परिणाम की तैयारी और 2 से 4 जुलाई को प्रस्तावित यूपीटीईटी की व्यवस्थाओं के कारण साक्षात्कार की तिथियां जुलाई मध्य तक घोषित होंगी। यह भर्ती परीक्षा पूर्व में 16 एवं 17 अप्रैल 2025 को कराई गई थी, जिसका परिणाम 4 सितंबर 2025 को जारी हुआ था। इसके बाद सितंबर से नवंबर 2025 के बीच साक्षात्कार भी प्रस्तावित थे, लेकिन लिखित परीक्षा का पेपर लीक होने के कारण चयन प्रक्रिया को रोक दिया गया था।

पुनर्परीक्षा में 39,192 अभ्यर्थी हुए थे सम्मिलित

मामले की उच्च स्तरीय जांच में धांधली की पुष्टि होने पर तत्कालीन अध्यक्ष प्रो. कीर्ति पांडेय से त्यागपत्र ले लिया गया और मुख्यमंत्री के निर्देश पर सात जनवरी 2026 को परीक्षा रद्द कर दी गई थी। उसके बाद नए अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार के कार्यकाल में 18 व 19 अप्रैल 2026 को पुनर्परीक्षा आयोजित कराई गई, जिसमें 39,192 अभ्यर्थी सम्मिलित हुए थे।

अब इसका परिणाम जारीकर दिया गया है। सफल अभ्यर्थियों को निर्देशित किया गया है कि वे वेबसाइट पर नियमित रूप से सूचनाएं देखते रहें। अभ्यर्थियों को अपनी साक्षात्कार तिथि से 21 दिन पूर्व अपने सभी वांछित मूल अभिलेख ऑनलाइन अपलोड करने होंगे। दस्तावेज अपलोड करने के बाद ही वे अपना साक्षात्कार पत्र डाउनलोड कर सकेंगे।

संबंधित समाचार