Sambhal News : ट्रैक्टर-ट्रॉली के नीचे दबकर आठ वर्षीय छात्रा की मौत

Amrit Vichar Network
Published By Pradeep Kumar
On

असमोली थाना क्षेत्र के धकतौड़ा में दर्दनाक हादसा, परिजनों ने कार्रवाई से किया इनकार

संभल/आबरी, अमृत विचार। असमोली थाना क्षेत्र के गांव धकतौड़ा में बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में आठ वर्षीय छात्रा की मौत हो गई। पिता द्वारा ट्रैक्टर-ट्रॉली से ईंटें उतारते समय अचानक ट्रॉली के नीचे आने से बच्ची की मौके पर ही जान चली गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन परिजनों ने किसी भी कानूनी कार्रवाई से इनकार कर दिया।

गांव धकतौड़ा निवासी दिनेश पाल गांव के बाहर अपने खेत में नए मकान का निर्माण करा रहे हैं। बुधवार सुबह वह ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर गांव के एक ईंट भट्ठे से ईंटें भरकर खेत पर पहुंचे थे। सुबह करीब 11 बजे उन्होंने ईंटें उतारने के लिए ट्रॉली को ऊपर उठाने की प्रक्रिया शुरू की। इसी दौरान उनकी आठ वर्षीय बेटी आस्था अचानक ट्रॉली के पास आ गई और दब गई। हादसा होते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास निर्माण कार्य में लगे लोग और पड़ोस की महिलाएं दौड़कर पहुंचीं। सभी ने मिलकर ट्रॉली को उठाकर बच्ची को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। आस्था तीन भाई-बहनों में दूसरे नंबर की थी और मनोटा स्थित एक निजी विद्यालय में कक्षा दो की छात्रा थी। उसकी मौत से मां मीनू देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी मोहित कुमार चौधरी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटना की जानकारी ली, लेकिन परिजनों ने किसी प्रकार की कानूनी कार्रवाई कराने से मना कर दिया। बताते हैं कि खेत के पास बने एक मकान में रह रही महिला ने बताया कि हादसे से कुछ देर पहले आस्था नहाने के बाद बालों में कंघी कराने उनके घर आई थी। कंघी करने के बाद वह निर्माणाधीन मकान की ओर चली गई थी। कुछ ही देर बाद उसके हादसे का समाचार मिला।

बेटे की चीख भी नहीं सुन पाए पिता
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जब दिनेश पाल ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर खेत पर पहुंचे थे, तब वहां उनकी बेटी मौजूद नहीं थी। अचानक खेलते-खेलते वह ट्रॉली के पास पहुंच गई। हादसे के दौरान वहां मौजूद करीब छह वर्षीय बेटा लगातार चिल्लाता रहा, लेकिन ट्रैक्टर और कामकाज के शोर में उसकी आवाज पिता तक नहीं पहुंच सकी। ग्रामीणों के मुताबिक, जिस समय दिनेश पाल ईंटों से भरी ट्रॉली लेकर खेत पर पहुंचे थे, उस समय वहां केवल वह स्वयं और उनका बेटा ललित मौजूद थे। उन्हें इस बात का बिल्कुल अंदेशा नहीं था कि उनकी बेटी आस्था ट्रॉली के आसपास आ गई है। इसी कारण यह दर्दनाक हादसा हो गया।

स्कॉर्पियो ने ई रिक्शा में मारी टक्कर, दंपती घायल
चंदौसी-कुढ़फतेहगढ़ मार्ग स्थित गांव अल्हेदादपुर चम्मू के पास एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने ई-रिक्शा को टक्कर मार दी। ई रिक्शे में पांच लोग सवार थे। हादसे में दंपती घायल हो गए। गांव रहोली निवासी ई-रिक्शा चालक चंद्रभान बुधवार की सुबह 8 बजे अपने परिवार के साथ मेथरा में एक अंतिम संस्कार में शामिल होने जा रहा था। ई-रिक्शा में कुल पांच लोग सवार थे। ई रिक्शा जब चंदौसी कुढ़ -फतेहगढ़ मार्ग स्थित गांव अहलादपुर चंपू के पास पहुंचा तो सामने से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो में ई रिक्शा में टक्कर मार दी। हादसे में चंद्रभान के माता-पिता, हरिलाल और अतरकली, गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। जबकि हादसे के बाद चालक स्कॉर्पियो लेकर भाग गया।

संबंधित समाचार