Barabanki News : डीएम के निर्देश पर 134 परिषदीय विद्यालयों में होंगे मरम्मत कार्य

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

मसौली/बाराबंकी, अमृत विचार। आगामी वर्षा ऋतु को देखते हुए विकास खंड मसौली के 134 परिषदीय विद्यालयों में लघु मरम्मत कार्य कराए जाएंगे। जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह के निर्देश पर छात्र-छात्राओं की सुरक्षा के मद्देनजर विद्यालय भवनों की आवश्यक मरम्मत की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। 

सूत्रों के अनुसार उच्च प्राथमिक विद्यालय अकबरपुर धनेठी और अतरौली में कायाकल्प योजना के तहत अभी तक कोई कार्य नहीं हुआ है, जबकि अन्य विद्यालयों में भी जरूरी मरम्मत कार्य प्राथमिकता के आधार पर कराए जाएंगे। 

खंड शिक्षा अधिकारी जैनेंद्र कुमार ने उच्च अधिकारियों को भेजे पत्र में बताया है कि भवनों, अतिरिक्त कक्षा-कक्षों, रसोईघरों और शौचालयों की टपकती छतों, क्षतिग्रस्त प्लास्टर, टूटे छज्जों और फर्श की मरम्मत ग्राम पंचायत स्तर पर उपलब्ध वित्त आयोग एवं कायाकल्प योजना की धनराशि से कराई जाएगी। 

उन्होंने बताया कि ग्रीष्मावकाश के दौरान सभी कार्य पूरे कराने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि वर्षा ऋतु में विद्यार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। मरम्मत कार्य पूर्ण होने के बाद विद्यालयों में कायाकल्प योजना के 19 मानकों की पूर्ति सुनिश्चित हो सकेगी और छात्रों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलेगा।

संबंधित समाचार