World Environment Day : विकल्प बनेगा बायोप्लास्टिक, रक्षामंत्री राजनाथ-सीएम योगी शुरू करेंगे ‘बायोयुग ग्रीन कमांड’

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

-विश्व पर्यावरण दिवस पर लखनऊ से उठेगी हरित क्रांति की नई आवाज -गन्ना आधारित उद्योगों से विकसित होगा बायोप्लास्टिक इकोसिस्टम, पर्यावरण संरक्षण को मिलेगी नई दिशा

लखनऊ, अमृत विचार: विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश हरित विकास की दिशा में एक और महत्वपूर्ण पहल करने जा रहा है। 5 जून को लखनऊ छावनी स्थित दिलकुशा लॉन में आयोजित "बायोयुग ग्रीन कमांड-2026" कार्यक्रम में पारंपरिक प्लास्टिक के विकल्प के रूप में बायोप्लास्टिक को बढ़ावा देने की व्यापक मुहिम का शुभारंभ किया जाएगा। कार्यक्रम में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह मुख्य अतिथि और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

बलरामपुर चीनी मिल्स लिमिटेड (बीसीएमएल) और लखनऊ कैंटोनमेंट बोर्ड के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम को प्रदेश में सर्कुलर इकोनॉमी और हरित औद्योगिक विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। योगी सरकार पहले ही उत्तर प्रदेश को देश का प्रमुख एथेनॉल हब बनाने की दिशा में कार्य कर रही है। अब गन्ना आधारित उद्योगों से जुड़े नवाचारों को पर्यावरण संरक्षण और टिकाऊ विकास से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

कार्यक्रम में नीति निर्माताओं, उद्योग जगत के प्रतिनिधियों, रक्षा क्षेत्र के अधिकारियों, शोध संस्थानों तथा पर्यावरण विशेषज्ञों की सहभागिता होगी। बायोप्लास्टिक के उत्पादन, निवेश, बाजार विस्तार और उपयोग को बढ़ावा देने के लिए रणनीतिक चर्चा की जाएगी।

निवेश और उद्योग पर होगी चर्चा

कार्यक्रम की पहली उच्चस्तरीय पैनल चर्चा "मैंडेट टू मार्केट : अनलॉकिंग द बायोप्लास्टिक्स वैल्यू चेन इन उत्तर प्रदेश" विषय पर केंद्रित होगी। इसमें राज्य में बायोप्लास्टिक उद्योग के विकास, निवेश संभावनाओं और सरकारी सहयोग के विभिन्न पहलुओं पर विचार-विमर्श किया जाएगा।

रक्षा क्षेत्र में बढ़ेगा बायोप्लास्टिक का उपयोग

दूसरी पैनल चर्चा "फ्रॉम मेस टू मिशन : बायोप्लास्टिक्स फॉर डिफेंस" विषय पर आयोजित होगी। इसमें रक्षा प्रतिष्ठानों में बायोप्लास्टिक के उपयोग, अपशिष्ट प्रबंधन, पर्यावरणीय लाभ तथा सतत विकास के लक्ष्यों को लेकर विशेषज्ञ अपने विचार साझा करेंगे।

ये भी पढ़ें  : 
दिल्ली-एनसीआर समेत केरल में मानसून की दस्तक,यूपी के इन जिलों में अगले तीन दिन बारिश की बौछार, फिर लौटेगी लू 

संबंधित समाचार