कोविड-19: सिडनी में नए साल की पूर्व संध्या पर नहीं जुटेगी भीड़, जापान में नए विधयेक की तैयारी
सिडनी। ऑस्ट्रेलिया के सिडनी हार्बर में नए साल का जश्न इस साल फीका रहेगा, क्योंकि अधिकारियों ने नए साल की पूर्व संध्या पर आतिशबाजी देखने के लिए लोगों के यहां एकत्रित होने पर प्रतिबंध लगा दिया है। न्यू साउथ वेल्स राज्य के प्रीमियर ग्लेडीस बेरेजीकलियान ने सोमवार को कहा कि जो लोग सिटी सेंटर में …
सिडनी। ऑस्ट्रेलिया के सिडनी हार्बर में नए साल का जश्न इस साल फीका रहेगा, क्योंकि अधिकारियों ने नए साल की पूर्व संध्या पर आतिशबाजी देखने के लिए लोगों के यहां एकत्रित होने पर प्रतिबंध लगा दिया है। न्यू साउथ वेल्स राज्य के प्रीमियर ग्लेडीस बेरेजीकलियान ने सोमवार को कहा कि जो लोग सिटी सेंटर में रहते हैं, वे नए साल का उत्सव मनाने के लिए 10 अतिथियों को ही अपने घर बुला सकते हैं।
अतिथियों को इस क्षेत्र में आने की अनुमति हासिल करने के लिए पहले आवेदन देना होगा। ऑस्ट्रेलिया के इस बड़े शहर में कोरोना वायरस के पांच नए मामले सामने आए हैं, जिसके साथ ही 10 दिसंबर से अब तक यहां संक्रमण के 126 मामले सामने आ चुके हैं। सिडनी हार्बर ब्रिज के ऊपर होने वाली आतिशबाजी को देखने के लिए यहां हर साल करीब 10 लाख लोग जुटते हैं।
वहीं, जापान के प्रधानमंत्री योशिहिदे सुगा ने कहा कि उनकी योजना एक ऐसा विधेयक लाने की है, जो प्रतिष्ठानों को कोरोना वायरस के रोकथाम के लिए उठाए गए उपायों का पालन करने के लिए कानूनी तौर पर बाध्य करता हो और जिसमें उल्लंघन करने वालों को सजा देने तथा जुर्माना लगाने का भी प्रावधान हो। उनका कहना है कि इस विधेयक को संसद में ”जल्द से जल्द” अगले साल पेश किया जाएगा।
इस बीच, दक्षिण कोरिया में कोरोना वायरस के नए प्रकार (स्ट्रेन) के तीन मामले सामने आए हैं। ये लोग ब्रिटेन से 22 दिसंबर को दक्षिण कोरिया पहुंचे थे। वहीं सोमवार को देश में कोविड-19 के कुल 808 नए मामले सामने आए, जिसके साथ ही संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 57,680 हो गई। वहीं वायरस से वहां 819 लोगों की मौत हो चुकी है।
जापान में विदेशियों के प्रवेश पर रोक
टोक्यो। जापान ने कोरोना वायरस (कोविड-19) महामारी के नए स्ट्रेन के मद्देनजर एहतियाती उपायों के तहत विदेशी नागरिकों के देश में प्रवेश पर रोक लगा दी है। प्रधानमंत्री योशिहिडे सुगा ने सोमवार को संवाददाताओं से कहा, “ये एहतियाती कदम देश के नागरिकों के जीवन की रक्षा के लिए उठाये गये हैं।” नए स्ट्रेन से प्रभावित ब्रिटेन और अन्य देशों से आने वाले जापानी नागरिक और विदेशी लोगों को जापान आने से पहले 72 घंटे के अंदर कोविड निगेटिव रिपोर्ट दिखानी होगी और उन्हें आगमन पर एक और परीक्षण करना होगा।
उन्होंने कहा,” दक्षिण कोरिया और चीन सहित एशिया के 10 देशों में रहने वाले हमारे व्यवसायी और छात्र नए प्रतिबंधों से प्रभावित नहीं होंगे।” जापान पहले ही कोरोना के नये स्ट्रेन के मद्देनजर ब्रिटेन और दक्षिण अफ्रीका से आने वाले लोगों के प्रवेश पर रोक लगा चुका है। ब्रिटेन से शुरु होने वाला कोरोना का यह नया स्ट्रेन जापान समेत 20 से अधिक देशों में फैल चुका है। इस देश में नये स्ट्रेन के आठ मामले दर्ज किये जा चुके हैं।
