बरेली: ठेका सीज हुआ तो खोली नकली शराब फैक्ट्री, तीन गिरफ्तार
अमृत विचार, बरेली। देसी शराब की दुकान का ठेका चला रहे दुकानदारों ने ठेका सीज होने के बाद नकली शराब बनाकर सप्लाई करना शुरू कर दिया। पुलिस को जब इसकी सूचना मिली तो टीम ने शराब खरीदने की बात कहकर तस्करों को अपने जाल में फंसा लिया और तीन लोगों को गिरफ्तार कर भारी मात्रा …
अमृत विचार, बरेली। देसी शराब की दुकान का ठेका चला रहे दुकानदारों ने ठेका सीज होने के बाद नकली शराब बनाकर सप्लाई करना शुरू कर दिया। पुलिस को जब इसकी सूचना मिली तो टीम ने शराब खरीदने की बात कहकर तस्करों को अपने जाल में फंसा लिया और तीन लोगों को गिरफ्तार कर भारी मात्रा में नकली शराब और खाली बोतलें बरामद की हैं।
किला में कुछ दिनों से नकली शराब बिकने की सूचना आ रही थी। इसकी जानकारी होने पर किला चौकी इंचार्ज शनि चौधरी ने तस्करों को पकड़ने के लिए जाल बिछाया। इसके बाद खुद ही तस्कर से शराब का सौदा कर दिया। इसके बाद सादे कपड़ों में सिपाहियों के साथ पहुंचे दारोगा शनि चौधरी शराब की डिलीवरी के लिए तस्कर को किला बुलाया।
रविवार देर रात तस्कर शराब लेकर पुलिस को डिलीवरी करने आया तो पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार तस्कर ने अपना नाम अभिषेक पटेल उर्फ अंकित निवासी नवदिया झादा बिथरी चैनपुर और जगतपाल निवासी पुरनापुर समेत मनोज कुमार गंगवार बताया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। मंगलवार को उन्हें जेल भेजा जाएगा।
नकली शराब पकड़े जाने पर निरस्त हुआ था ठेका
जगतपाल ने बताया कि दो महीने पहले तक वह अपने रिश्तेदार के साथ बिथरी चैनपुर में सरकारी देसी शराब का ठेका चलाता था। वह सरकारी ठेके के माध्यम से पहले अपनी नकली शराब बेचता था। पकड़े जाने पर आबकारी विभाग ने उनका ठेका निरस्त कर दिया था।
किला पुलिस ने नकली शराब की फैक्ट्री पकड़ी है। तस्कर लाकडाउन से यह काम कर रहे थे। तस्करों ने सरकारी ठेके पर भी नकली शराब की सप्लाई की थी। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है। सोमवार को उन्हें जेल भेजा जाएगा।
-रोहित सिंह सजवाण, एसएसपी
