सीएम योगी के बेल्हा पहुंचते ही बदला मौसम, बारिश के बीच एक क्लिक से 384 करोड़ की 111 विकास योजनाओं का शुभारंभ

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

जीआईसी ग्राउंड में जनसभा के दौरान मुख्यमंत्री ने जनता का अभिवादन किया, बटन दबाकर सदर और विश्वनाथगंज विधानसभा की विकास परियोजनाओं का किया लोकार्पण व शिलान्यास

प्रतापगढ़,अमृत विचार। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को प्रतापगढ़ पहुंचे, जहां उन्होंने जीआईसी ग्राउंड में आयोजित जनसभा के दौरान सदर और विश्वनाथगंज विधानसभा क्षेत्र की 384 करोड़ रुपये की लागत वाली 111 विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री के आगमन के साथ ही मौसम ने करवट ली और बारिश शुरू हो गई, लेकिन कार्यक्रम निर्धारित समय के अनुसार जारी रहा।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पुलिस लाइन स्थित हेलीपैड पर हेलिकॉप्टर से पहुंचे। वहां से वह सड़क मार्ग से सीधे जीआईसी ग्राउंड स्थित जनसभा स्थल पहुंचे। मंच पर पहुंचकर उन्होंने हाथ जोड़कर उपस्थित लोगों का अभिवादन स्वीकार किया।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री को मां बेल्हा देवी का चित्र और ‘एक जिला-एक उत्पाद’ (ओडीओपी) योजना के तहत आंवला से तैयार उत्पाद भेंटकर सम्मानित किया गया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने बटन दबाकर सदर और विश्वनाथगंज विधानसभा क्षेत्र की 111 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।

MUSKAN DIXIT (24)

इस अवसर पर प्रभारी मंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह, भाजपा प्रवक्ता दिनेश प्रताप सिंह, राज्यसभा सदस्य अमरपाल मौर्य, पूर्व मंत्री राजेंद्र प्रताप सिंह 'मोती', पूर्व मंत्री प्रो. शिवाकांत ओझा, सदर विधायक राजेंद्र कुमार मौर्य, विश्वनाथगंज विधायक जीतलाल पटेल, शिक्षक विधायक उमेश द्विवेदी, नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमलता सिंह, पूर्व सांसद विनोद सोनकर, भाजपा जिलाध्यक्ष आशीष श्रीवास्तव, पूर्व विधायक धीरज ओझा, राजा अनिल प्रताप सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि और पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री के पुलिस लाइन हेलीपैड पर पहुंचते ही बारिश शुरू हो गई। इसके बावजूद सुरक्षा व्यवस्था में तैनात पुलिसकर्मी अपने स्थान पर डटे रहे। जनसभा के दौरान भी लगातार बारिश होती रही, हालांकि इसका कार्यक्रम पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा और सभी निर्धारित गतिविधियां संपन्न हुईं।

 

Jul 07, 2026 · 02:45 PM · Muskan Dixit

दो बजकर 35 मिनट पर जनसभा में पहुंचे सीएम योगी आदित्यनाथ, प्रभारी मंत्री गिरीश चंद यादव जिलाध्यक्ष सुशील त्रिपाठी, विधायक विनोद सिंह ने हनुमान प्रतिमा भेट कर किया स्वागतMUSKAN DIXIT (30)

Jul 07, 2026 · 01:52 PM · Muskan Dixit
कौन सी हैं विकास योजनाएं और परियोजनाएं


1- बुनियादी ढांचा और सड़क चौड़ीकरण (Infrastructure & Roads)

सड़कों का चौड़ीकरण

उड़ैयाडीह-पृथ्वीगंज मार्ग (लगभग ₹12.34 करोड़) और फतनपुर-बीरापुर मार्ग का चौड़ीकरण व सुदृढ़ीकरण (लगभग ₹23.30 करोड़)।

सड़क कनेक्टिविटी

जगेशरगंज-लोहंगपट्टी संपर्क मार्ग, घाटमपुर से उमरपुर संपर्क मार्ग सहित ग्रामीण इलाकों को जोड़ने वाली कई सड़कें।

कौशाम्बी संसदीय क्षेत्र से जुड़े मार्ग

लालगंज-मंझनमऊ दो लेन मार्ग निर्माण और लालगोपालगंज से बेधन गोपालपुर मार्ग का चौड़ीकरण।

2- शिक्षा और स्वास्थ्य

सीएम मॉडल कंपोजिट विद्यालय

सदर विधानसभा क्षेत्र में आधुनिक सुविधाओं से लैस 'सीएम मॉडल कंपोजिट विद्यालय' का शिलान्यास (लागत लगभग ₹25.42 करोड़)।

राजकीय मेडिकल कॉलेज

प्रतापगढ़ के राजकीय मेडिकल कॉलेज से जुड़े स्वास्थ्य ढांचे को और मजबूत करने की घोषणाएं।

3- कानून व्यवस्था और सुरक्षा

साइबर थाना

पुलिस लाइन में नए साइबर अपराध थाने के भवन का शिलान्यास (लागत लगभग ₹3.39 करोड़)।

अग्निशमन केंद्र

अंतू में दो यूनिट वाले नए अग्निशमन केंद्र (Fire Station) का निर्माण कार्य।

सीसीटीवी निगरानी 

प्रतापगढ़ शहर के प्रमुख 9 चौराहों पर सुरक्षा के मद्देनजर सीसीटीवी कैमरे लगाने की परियोजना।

पुलिस चौकियां

विश्वनाथगंज में पुलिस चौकी के अनावासीय भवन का निर्माण।

4- पर्यटन, आस्था और संस्कृति 

धार्मिक स्थलों का विकास

मां बेल्हा देवी धाम के सुंदरीकरण की योजना के साथ-साथ प्रसिद्ध संडवाचंद्रिका मंदिर का पर्यटन विकास कार्य।

यक्ष-युधिष्ठिर संवाद स्थल

महाभारत कालीन ऐतिहासिक 'यक्ष-युधिष्ठिर संवाद स्थल' के सुंदरीकरण और विकास कार्य का शिलान्यास।

5- शहरी विकास और जन-सुविधाएं 

कल्याण मंडप

आम जनता के सामाजिक कार्यक्रमों के लिए कल्याण मंडप का निर्माण।

ड्रेनेज सिस्टम

देवकली और मीराभवन चौराहा समेत रूपापुर इलाके में जलभराव की समस्या से निपटने के लिए आरसीसी कलवर्ट और नए ड्रेनेज (नाली) सिस्टम का निर्माण।

जल जीवन मिशन

'हर घर नल योजना' के तहत ग्रामीण इलाकों में स्वच्छ पेयजल पहुंचाने के लिए पाइपलाइन परियोजनाओं की शुरुआत।

इन विकास कार्यों के साथ-साथ मुख्यमंत्री ने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं (जैसे प्रधानमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री आवास योजना, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन और आयुष्मान भारत) के लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र, चाबियां और स्वीकृति-पत्र भी वितरित किए।

Jul 07, 2026 · 12:53 PM · Muskan Dixit
भर्ती प्रक्रिया को लेकर भी विपक्ष पर हमला

मुख्यमंत्री ने सरकारी भर्तियों का उल्लेख करते हुए कहा कि हाल ही में हुई पुलिस की 60 हजार भर्तियों में प्रतापगढ़ के युवाओं को भी अवसर मिला है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग और अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की परीक्षाओं में भी जिले के युवा सफलता प्राप्त कर रहे हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि पहले सरकारी नौकरियों में पारदर्शिता नहीं थी और योग्य युवाओं को अवसरों से वंचित होना पड़ता था। उनके अनुसार, वर्तमान सरकार में भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी बनाया गया है, जिससे प्रतिभाशाली युवाओं को निष्पक्ष अवसर मिल रहे हैं।

Jul 07, 2026 · 12:51 PM · Muskan Dixit
राम मंदिर दान प्रकरण पर CM योगी का बड़ा पलटवार, बोले— 'सनातन पर प्रहार की कोशिश, रंग बदल रहे हैं विरोधी'

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ प्रतापगढ़ में आयोजित जनसभा के दौरान राम मंदिर दान प्रकरण को लेकर विपक्ष की ओर से की जा रही राजनीति पर तीखा हमला बोलते हैं। अपने संबोधन में वह समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहते हैं कि सनातन धर्म पर प्रहार करने की कोशिश की जा रही है।

मुख्यमंत्री कहते हैं कि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस "गिरगिट की तरह रंग बदल रहे हैं।" उनके अनुसार, एक समय ऐसा था जब रामभक्तों पर गोलियां चलाई जाती थीं और भगवान श्रीराम के अस्तित्व पर सवाल उठाए जाते थे। उन्होंने कहा कि "जय श्रीराम" का उद्घोष करने वालों पर पहले लाठी और गोली चलती थी, लेकिन अब देश की जनता ऐसे दौर में वापस नहीं जाना चाहती।

योगी आदित्यनाथ कहते हैं कि आज की अयोध्या भगवान श्रीराम के काल की अयोध्या का एहसास कराती है। उन्होंने कहा कि महर्षि वाल्मीकि के नाम पर अयोध्या के अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट का नाम रखा गया है और इस प्रकार के निर्णय केवल भाजपा सरकार ही ले सकती है।

Jul 07, 2026 · 12:37 PM · Muskan Dixit
'वन डिस्ट्रिक्ट, वन प्रोडक्ट' योजना से प्रतापगढ़ के आंवले को मिली नई पहचान, मेडिकल कॉलेज का भी किया जिक्र

CM योगी ने कहा कि पहले जहां "वन जनपद, वन माफिया" जैसी स्थिति थी, वहीं उनकी सरकार ने "वन डिस्ट्रिक्ट, वन प्रोडक्ट (ODOP)" योजना के माध्यम से स्थानीय उत्पादों को नई पहचान दिलाई।

मुख्यमंत्री ने प्रतापगढ़ के आंवला उत्पाद का भी उल्लेख करते हुए कहा कि जिले का आंवला अब देश-दुनिया में अपनी अलग पहचान बना रहा है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2018 में शुरू की गई "वन डिस्ट्रिक्ट, वन प्रोडक्ट" योजना से स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा मिला है।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले शायद ही किसी ने कल्पना की होगी कि प्रतापगढ़ में मेडिकल कॉलेज बनेगा। आज जिले में मेडिकल कॉलेज स्थापित हो चुका है और यहां की बेटियों को नर्सिंग सहित चिकित्सा शिक्षा के बेहतर अवसर मिल रहे हैं।

Jul 07, 2026 · 12:34 PM · Muskan Dixit
विकास योजनाओं का लाभ बिना जाति और वोट देखे हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचाया- CM योगी

जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बारिश का यह समय किसानों और प्रदेश के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि प्रतापगढ़ के लोगों को किसी बात की अलग से सीख देने की आवश्यकता नहीं पड़ती, क्योंकि यहां के लोग पहले से ही जागरूक हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि करीब नौ वर्ष पहले प्रतापगढ़ पिछड़े जिलों में गिना जाता था। खराब सड़कों, सीमित विकास और रोजगार के अवसरों की कमी के कारण लोगों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता था।

Jul 07, 2026 · 12:31 PM · Muskan Dixit
रानीगंज की श्रद्धा पांडे को मंच पर आईपैड भेंट कर किया सम्मानित, BPSC में टॉप कर बढ़ाया जिले का मान

सीएम योगी ने बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) परीक्षा की टॉपर श्रद्धा पांडे को मंच पर सम्मानित करते हुए उन्हें आईपैड भेंट किया।

प्रतापगढ़ की रानीगंज तहसील के पचरास गांव की रहने वाली श्रद्धा पांडे ने 20 जून को घोषित BPSC परीक्षा परिणाम में 593 अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया था। मुख्यमंत्री ने उनकी उपलब्धि की सराहना करते हुए उन्हें सम्मानित किया।

संबंधित समाचार