CM योगी आज अयोध्या दौरे पर... 432.70 करोड़ की 217 विकास परियोजनाओं की देंगे सौगात, सोहावल से करेंगे बड़ी जनसभा
रामनगरी अयोध्या में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज सोहावल पहुंचकर 217 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे। कार्यक्रम में विधायक अमित सिंह चौहान के दिवंगत पिता मुन्ना सिंह चौहान की प्रतिमा का अनावरण भी होगा।
अयोध्याः उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को एक बार फिर रामनगरी अयोध्या के दौरे पर है। राम मंदिर में दान चोरी की हालिया घटना के बाद एक महीने से भी कम समय में यह उनका दूसरा अयोध्या दौरा है। इससे पहले मुख्यमंत्री 19 जून को अयोध्या आए थे।
अपने निर्धारित कार्यक्रम के तहत मुख्यमंत्री जिला मुख्यालय से लगभग 20 किलोमीटर दूर विकासखंड सोहावल पहुंचे। यहां वह बीकापुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक अमित सिंह चौहान के दिवंगत पिता मुन्ना सिंह चौहान की प्रतिमा का अनावरण करेंगे।
इसके बाद मुख्यमंत्री ₹432 करोड़ 70 लाख 9 हजार की लागत वाली 217 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे। कार्यक्रम के अंत में वह एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे और दोपहर 12 बजे बस्ती के लिए रवाना होंगे।
269.39 करोड़ की 131 परियोजनाओं का होगा शिलान्यास
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ₹269 करोड़ 39 लाख 22 हजार की लागत वाली 131 नई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे। इनमें प्रमुख परियोजनाएं शामिल हैं—
- बीकापुर तहसील के मऊ में वृहद गो संरक्षण केंद्र का निर्माण।
- नगर पंचायत बीकापुर और नगर पंचायत सुचितागंज (खिरौनी) में पेयजल एवं गृह संयोजन योजना।
- विकासखंड सोहावल के ग्राम सुरवारी तथा विकासखंड तारून के ग्राम रामपुर प्रताप में सामुदायिक केंद्र भवनों का निर्माण।
- कम्पोजिट विद्यालय अर्थर (सोहावल) का उच्चीकरण एवं आधुनिकीकरण।
- राजकीय महिला पॉलिटेक्निक अयोध्या और राजकीय पॉलिटेक्निक अयोध्या में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की स्थापना से जुड़े निर्माण कार्य।
163.30 करोड़ की 86 परियोजनाओं का लोकार्पण
मुख्यमंत्री ₹163 करोड़ 30 लाख 87 हजार की लागत से तैयार 86 परियोजनाओं का लोकार्पण भी करेंगे। इनमें सड़क, पुल-पुलिया, जल निकासी, बिजली व्यवस्था और स्वास्थ्य केंद्रों के उन्नयन से जुड़े कार्य शामिल हैं।
प्रमुख लोकार्पित परियोजनाएं—
- जनपदीय ड्राइवर हाउस और राजकीय महाविद्यालय का निर्माण।
- राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय बरवा (मसौधा) में ट्रांजिट हॉस्टल।
- अयोध्या-सुल्तानपुर मार्ग पर गेट कॉम्प्लेक्स (TFCC) का निर्माण।
- नगर पंचायत खिरौनी सुचितागंज सोहावल का पर्यटन विकास कार्य।
- ग्राम अवनपुर सरोहा (मसौधा) में ग्रामीण पर्यटन थीमेटिक गेट एवं पर्यटन सुविधा केंद्र।
- राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (ITI) सोहावल में आधुनिक कार्यशाला एवं प्रशिक्षण केंद्र।
