खराब, सड़े, एक्सपायरी आइटम की बिक्री ...FSSAI ने स्विगी इंस्टामार्ट को भेजे 9 नोटिस, ऑनलाइन सामान खरीदने वाले हो जाये सावधान
दिल्ली। देश के प्रमुख खाद्य नियामक भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने त्वरित खाद्य आपूर्ति (क्विक-कॉमर्स) मंच 'स्विगी इंस्टामार्ट' के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। ग्राहकों द्वारा सड़े-गले, दूषित और उपयोग अवधि समाप्त (एक्सपायर) हो चुके खाद्य उत्पादों की आपूर्ति से जुड़ी कई गंभीर शिकायतें मिलने के बाद FSSAI ने स्विगी इंस्टामार्ट को नौ (9) कानूनी नोटिस जारी किए हैं। एक्सपायरी डेट का सामान बेचने पर FSSAI सख्त, स्विगी इंस्टामार्ट को भेजे 9 नोटिस जारी किए हैं। नियामक ने खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत यह कदम उठाया है और कंपनी से इन मामलों पर विस्तृत स्पष्टीकरण और अनुपालन रिपोर्ट (Compliance Report) जमा करने को कहा है। ऐसा न करने पर उचित कानूनी कार्रवाई शुरू करने की चेतावनी भी दी गई है।
Baby Food दोबारा भेजने की गंभीर शिकायत
FSSAI ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' (ट्विटर) पर इस कार्रवाई की जानकारी साझा करते हुए शिकायतों का ब्योरा दिया है। प्राधिकरण के अनुसार, सबसे गंभीर मामला एक शिशु पोषाहार उत्पाद (Baby Food Product) से जुड़ा है:ग्राहक ने शिकायत की थी कि यह उत्पाद अत्यधिक खराब, दूषित और असुरक्षित स्थिति में डिलीवर हुआ था।
इसमें अनुचित भंडारण (Storage) और रखरखाव के साफ संकेत मिले थे। सबसे चौंकाने वाला आरोप यह है कि ग्राहक द्वारा इस दूषित उत्पाद को लौटाए (रिटर्न) जाने के बाद भी इसे कथित तौर पर दोबारा उसी ग्राहक के पास भेज दिया गया। इसके अलावा, उपभोक्ताओं ने स्विगी इंस्टामार्ट के माध्यम से खराब अंडे, दूषित दूध और क्षतिग्रस्त डिब्बाबंद (डैमेज्ड पैकेज्ड) खाद्य पदार्थों की आपूर्ति किए जाने की भी शिकायतें दर्ज कराई हैं।
बिना FSSAI लाइसेंस के चल रहे थे वेंडर
नियामक की जांच में स्विगी इंस्टामार्ट के प्लेटफॉर्म पर विक्रेताओं (वेंडर्स) की ऑनबोर्डिंग और उनके सत्यापन को लेकर भी बड़ी कमियां सामने आई हैं, कुछ मामलों में ऐप पर लिस्टेड वेंडर्स के FSSAI लाइसेंस नंबर गलत, अमान्य या मौजूद ही नहीं थे। कई खाद्य व्यवसायों (FBOs) को उनके मूल FSSAI पंजीकरण नाम से अलग नामों के तहत ऐप पर सूचीबद्ध किया गया था। शिकायत बढ़ाए जाने के बाद भी मंच की तरफ से कोई संतोषजनक प्रतिक्रिया या सुधारात्मक कार्रवाई नहीं की गई। कुछ मामलों में खाद्य सुरक्षा चिंताओं को दूर करने के बजाय केवल पैसे वापस (रिफंड) करने की पेशकश कर पल्ला झाड़ लिया गया।
स्विगी इंस्टामार्ट का पक्ष
इस पूरे विवाद और रेगुलेटरी नोटिस पर प्रतिक्रिया देते हुए स्विगी इंस्टामार्ट के प्रवक्ता ने कहा, "हम FSSAI द्वारा चिह्नित किए गए सभी उत्पादों और शिकायतों की आंतरिक रूप से समीक्षा कर रहे हैं। इस मामले के त्वरित और उचित समाधान के लिए हमारी टीम लगातार संबंधित अधिकारियों के संपर्क में है।"
खाद्य सुरक्षा को लेकर FSSAI का कड़ा रुख
हाल के दिनों में FSSAI ने उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वाली कंपनियों के खिलाफ नियमों को बेहद कड़ा कर दिया है। यह नोटिस उपभोक्ताओं से सोशल मीडिया और आधिकारिक माध्यमों पर मिली शिकायतों के आधार पर स्वतः संज्ञान लेते हुए जारी किए गए हैं। इससे पहले नियामक ने कई एनर्जी ड्रिंक बनाने वाली कंपनियों, मादक पेय (अल्कोहल) कंपनियों और अन्य क्विक-डिलीवरी ऐप्स को भी नोटिस जारी कर सख्त चेतावनी दी है।
