बरेली: रक्षकों ने ही मचाई लूटपाट, दरोगाओं पर उठीं ज्यादा अंगुलियां
संजय शर्मा, बरेली। इंस्पेक्टर, दरोगा समेत 20 पुलिसकर्मियों को एसएसपी ने भ्रष्टाचार के आरोपों में निलंबित कर दिया। इसके बाद कुछ दिन तक दरोगा और सिपाहियों ने वसूली बंद कर दी। अब फिर से कई दरोगा और सिपाहियों ने लूट मचा रखी है। उन पर लगातार वसूली के आरोप लग रहे हैं। देहात से लेकर …
संजय शर्मा, बरेली। इंस्पेक्टर, दरोगा समेत 20 पुलिसकर्मियों को एसएसपी ने भ्रष्टाचार के आरोपों में निलंबित कर दिया। इसके बाद कुछ दिन तक दरोगा और सिपाहियों ने वसूली बंद कर दी। अब फिर से कई दरोगा और सिपाहियों ने लूट मचा रखी है। उन पर लगातार वसूली के आरोप लग रहे हैं। देहात से लेकर शहर के कई दरोगा और सिपाहियों की शिकायतें सीओ की टेबल पर जांच के लिए पड़ी हैं लेकिन मामला विभाग का होने कारण सब गोलमाल चल रहा है।
इस कारण दोषी पाए जाने के बाद भी उन पर कार्रवाई नहीं हो रही है। इसके चलते विवेचक झूठे आरोपों से नाम निकालने के लिए आरोपी का घर और नौकरी देखकर उससे उस तरह से रुपये वसूलते हैं। जिन मामलों में फाइनल रिपोर्ट लगती है उनमें भी पुलिस बिना रुपये लिए काम नहीं करती है। इतना ही नहीं अब तो पुलिस वसूली के लिए रात में बिना महिला कांस्टेबल के लोगों के घरों में घुसकर तोड़फोड़ कर अश्लील हरकत तक कर रही है।
-केस एक
चोरी में जेल भेजने के नाम पर लिए 12 हजार
दस दिन पहले सुभाषनगर के रहने वाले युवक को करगैना चौकी पुलिस ने बुलाया और उसे बताया उसका नाम चोरी में आ रहा है। इसके बाद पुलिस ने उसे जेल भेजने की धमकी देते हुए खूब डराया और फिर उससे 25 हजार रुपये की मांग की। बाद में 12 हजार रुपये में दरोगा मान गए और उसे छोड़ दिया।
-केस दो
रात में घुसी पुलिस, छेड़खानी का आरोप
सुभाष नगर की मढ़ीनाथ पुलिस के दरोगा और दो सिपाही 24 दिसंबर की रात सनईया गांव के एक घर में घुस गए और जबरन दरवाजा खुलवाकर वहां तोड़फोड़ करते हुए महिला के साथ मारपीट एवं अश्लील हरकत की। दबिश के समय पुलिस के साथ महिला कांस्टेबल भी मौजूद नहीं थी, न ही घर में कोई पुरुष मौजूद था। महिला ने इसकी शिकायत सोमवार को एसएसपी से की है।
-केस तीन
रिश्तेदार पुलिसवाला, नहीं सुन रहे थानेदार
भोजीपुरा के प्रह्लादपुर निवासी श्यामा देवी ने बताया कि उनके गांव का एक दबंग जबरन उनकी जमीन पर अपने पशु बांध देता है। मना करने पर उसके साथ मारपीट की गई। महिला ने इसकी शिकायत भोजीपुरा पुलिस से की लेकिन पुलिस ने उनकी एक न सुनी। महिला का कहना है कि आरोपियों का एक रिश्तेदार पुलिस में है। इसलिए थानेदार उसकी शिकायत दर्ज नहीं करते है। महिला ने एसएसपी ने इसकी शिकायत की है।
-केस चार
बुजुर्ग को दरोगा ने कहे अपशब्द
बिथरी चैनपुर के परसौना निवासी वहीउद्दीन की उम्र 68 साल है। उनके घर के पास अवैध निर्माण हो रहा था। विरोध करने पर आरोपी ने पुलिस से सेटिंग कर ली और फिर बुजुर्ग को चौकी में बुलाकर गाली-गलौच किया। जेल भेजने की धमकी दी। पीड़ित ने इसकी शिकायत एसएसपी से कर दरोगा के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
-केस पांच
दोष तय लेकिन अभी तक नहीं हुई कार्रवाई
बारादरी थाने के दो दरोगा धोखाधड़ी के मुकदमे की जांच करने के लिए कुछ दिन पहले फर्रुखाबाद गए और वहां से एक युवक को जेल भेजने की धमकी देते हुए उससे 70 हजार रुपये ले लिए। इसकी शिकायत महिला ने डीआईजी से की। डीआईजी ने सीओ थर्ड को मामले की जांच दी। जिसमें दोनों दरोगा दोषी बन रहे है। लेकिन अभी तक उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
कई बार पुलिस पर वसूली के आरोप लगते है। कई बार पुलिस जबरन वसूली भी करती है। मामले की जांच कराई जाती है दोष पाए जाने पर ऐसे पुलिस कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की जाती है। उनके मुकदमे तक दर्ज किए जाते है। -रोहित सिंह सजवाण, एसएसपी
