कानपुर में लोन डिफॉल्ट पर एक्शन : बैंक ने लगाया लैदर फैक्ट्री पर ताला, बकाया न चुकाने पर लिया कब्जा
कानपुर, सरसौल : महाराजपुर थाना क्षेत्र के शेखपुर गांव स्थित स्काई लेदर फैक्ट्री पर गुरुवार को बैंक ने बकाया बिजनेस लोन की वसूली के तहत कब्जा ले लिया। यह कार्रवाई मुख्य महानगर मजिस्ट्रेट (सीएमएम-7) कानपुर नगर के आदेश पर SARFAESI अधिनियम के तहत प्रशासन और पुलिस की मौजूदगी में कराई गई।
बैंक अधिकारियों के मुताबिक, स्काई लेदर ने वर्ष 2016 से 2020 के बीच 3 करोड़ 90 लाख 5 हजार 525 रुपये का बिजनेस लोन लिया था। समय पर किस्तें जमा न होने के कारण एक मार्च 2021 को ऋण खाते को एनपीए (नॉन-परफॉर्मिंग एसेट) घोषित कर दिया गया। इसके बाद बैंक की ओर से कई बार नोटिस भेजकर बकाया जमा करने का अवसर दिया गया, लेकिन भुगतान नहीं हुआ।
ऋण की वसूली के लिए वर्ष 2024 में SARFAESI अधिनियम के तहत कानूनी प्रक्रिया शुरू की गई। न्यायालय से आदेश मिलने के बाद गुरुवार को बैंक अधिकारियों ने प्रशासन और पुलिस बल की मौजूदगी में फैक्ट्री का कब्जा अपने अधीन ले लिया। कार्रवाई के दौरान पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।
एडवोकेट कमिश्नर दयाल तिवारी ने बताया कि न्यायालय के आदेश का पालन करते हुए संपत्ति का कब्जा बैंक को सौंप दिया गया है। फैक्ट्री में रखा सामान हटाने के लिए उधारकर्ता को एक सप्ताह का समय दिया गया है। इसके बाद बैंक नियमानुसार आगे की कार्रवाई करेगा।
