नीट पेपर लीक : एनटीए ने 47 अधिकारियों को किया बर्खास्त, कानूनी और आपराधिक कार्रवाई की तैयारी

Amrit Vichar Network
Edited By Virendra Pandey
On

नई दिल्ली, अमृत विचार : राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) ने परीक्षा प्रणाली को अधिक पारदर्शी और विश्वसनीय बनाने की दिशा में कदम उठाते हुए शुक्रवार को 47 अधिकारियों की सेवाएं समाप्त कर दी। शिक्षा मंत्रालय के सूत्रों के अनुसार, यह कार्रवाई एजेंसी में व्यापक सुधार प्रक्रिया के तहत की गयी है। 

उन्होंने बताया कि यह कार्रवाई केवल सेवा समाप्ति तक ही सीमित नहीं रहेगी। कुछ अधिकारियों के खिलाफ कानूनी और आपराधिक कार्रवाई भी शुरू की जायेगी। परीक्षा प्रणाली में जवाबदेही सुनिश्चित करने और अनियमितताओं पर सख्त नियंत्रण के लिए यह कदम उठाया गया है। 

बताया जा रहा है कि एनटीए में सुधारों का यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और आने वाले समय में प्रशासनिक तथा संरचनात्मक स्तर पर कई और महत्वपूर्ण फैसले लिए जा सकते हैं। इसका उद्देश्य परीक्षा संचालन को अधिक पारदर्शी, सुरक्षित और निष्पक्ष बनाना है। 

गौरतलब है कि नीट प्रश्नपत्र लीक और परीक्षा संबंधी विवादों को लेकर कुछ दिनों से युवा आनदोलन कर रहे है हैं और इस मामले में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं । 

एनटीए में वरिष्ठ पदों पर भर्ती और 16 यंग प्रोफेशनल्स की नियुक्ति प्रक्रिया शुरू

एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ''एनटीए में व्यापक बदलाव किए जाने की तैयारी है और आगे भी कई सुधारात्मक कदम उठाए जाएंगे। कम से कम 47 अधिकारियों को बर्खास्त कर दिया गया है और उनमें से कुछ के खिलाफ कानूनी तथा आपराधिक कार्रवाई शुरू की जाएगी।'' प्रश्नपत्र लीक और सीबीएसई के डिजिटल मूल्यांकन में आई गड़बड़ियों को लेकर पैदा हुए छात्रों के आक्रोश के कारण शीर्ष अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई का सिलसिला शुरू हो गया है। 

एनटीए ने महाप्रबंधक स्तर पर पेशेवर नियुक्तियों के एक समूह के लिए विज्ञापन जारी किए हैं और अलग से संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) के 'प्रतिभा सेतु पोर्टल' के माध्यम से 16 युवा पेशेवरों की नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू की है।

एनटीए ने शुक्रवार को बताया कि जनरल मैनेजर स्तर के चार पदों के लिए विज्ञापन जारी किये गये हैं, वहीं संघ लोक सेवा आयोग के प्रतिभा सेतु पोर्टल के माध्यम से पहली बार यंग प्रोफेशनल्स को जोड़ने की पहल की गयी है। यह कदम प्रो. के. राधाकृष्णन की अध्यक्षता वाली उच्च स्तरीय विशेषज्ञ समिति की सिफारिशों के अनुरूप संस्थागत पुनर्गठन का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि चारों जनरल मैनेजर पद तीन वर्ष के प्रारंभिक अनुबंध पर होंगे। इनमें असेसमेंट रिसर्च एवं साइकोमेट्रिक्स, टेस्ट सेंटर नेटवर्क एवं ऑपरेशंस, इन्फॉर्मेशन सिक्योरिटी (मुख्य सूचना सुरक्षा अधिकारी) तथा विजिलेंस, इन्वेस्टिगेशन एवं फॉरेंसिक्स शामिल हैं। इन अधिकारियों को परीक्षा प्रणाली के वैज्ञानिक विकास, देशभर के परीक्षा केंद्रों के संचालन, साइबर सुरक्षा, डेटा संरक्षण, डिजिटल फॉरेंसिक और परीक्षा में अनियमितताओं की जांच जैसे महत्वपूर्ण दायित्व सौंपे जायेंगे।

इसके साथ ही एनटीए पहली बार यूपीएससी के प्रतिभा सेतु पोर्टल के माध्यम से 16 यंग प्रोफेशनल्स की नियुक्ति करेगा। इनमें 12 पद अकादमिक अनुसंधान, दो विधिक अनुसंधान तथा दो वित्त एवं लेखा के लिए होंगे। इनकी नियुक्ति प्रारंभिक 24 महीने के लिए होगी, जिसे प्रदर्शन के आधार पर 36 महीने तक बढ़ाया जा सकेगा। एनटीए ने कहा है कि आने वाले सप्ताहों में विशेषज्ञ समिति की सिफारिशों के अनुसार अन्य कार्यात्मक क्षेत्रों में भी भर्ती और पैनल गठन की प्रक्रिया शुरू की जायेगी। 

यह भी पढ़ें : Ravneet Singh's Resignation: मोदी कैबिनेट से रवनीत सिंह का इस्तीफा, छोड़ा रेल और खाद्य प्रसंस्करण राज्य मंत्री का पद

संबंधित समाचार