अयोध्या: डायग्नोस्टिक सेंटर में 4 लाख 10 हजार रुपए का गबन
अयोध्या, अमृत विचार। जनपद के नगर कोतवाली क्षेत्र स्थित एक डायग्नोस्टिक सेंटर प्रबंधन की ओर से अपने ही मैनेजर और एक अन्य के खिलाफ गबन का मुकदमा पंजीकृत कराया गया है। मामला 2 दिन पहले प्रकाश में आया था। उस समय डायग्नोस्टिक सेंटर के मैनेजर से रकम लूट की चर्चा चली थी। प्रकरण कोतवाली पुलिस …
अयोध्या, अमृत विचार। जनपद के नगर कोतवाली क्षेत्र स्थित एक डायग्नोस्टिक सेंटर प्रबंधन की ओर से अपने ही मैनेजर और एक अन्य के खिलाफ गबन का मुकदमा पंजीकृत कराया गया है। मामला 2 दिन पहले प्रकाश में आया था। उस समय डायग्नोस्टिक सेंटर के मैनेजर से रकम लूट की चर्चा चली थी। प्रकरण कोतवाली पुलिस ने मुकदमा पंजीकृत कर तहकीकात शुरू कर दी है।
बताया गया कि नगर कोतवाली क्षेत्र के रिकाबगंज स्थित एक चर्चित डायग्नोस्टिक सेंटर का प्रबंधक विकास मोर रोज की तरह 2 दिन पूर्व भी डायग्नोस्टिक सेंटर की रकम जमा कराने क्षेत्र के ही इंडियन ओवरसीज बैंक शाखा गया था।
प्रबंधक अपने साथ डायग्नोस्टिक सेंटर का 4 लाख 10 हजार रुपए जमा कराने ले गया था। बाद में एक दूरसंचार कंपनी के कर्मी की ओर से फोन कर डायग्नोस्टिक सेंटर के प्रबंधन को जानकारी दी गई थी कि आपका प्रबंधक जिला अस्पताल के सामने बेहोश पड़ा है।
सूचना पर डायग्नोस्टिक प्रबंधन की ओर से मामले की खबर इलाकाई पुलिस को दी गई थी और इलाकाई पुलिस ने मामले की प्रारंभिक जांच पड़ताल भी की थी लेकिन पुलिस ने वारदात से इंकार कर दिया था। अब प्रकरण में डायग्नोस्टिक सेंटर के क्षेत्रीय मुखिया यतींद्र की ओर से दोनों के खिलाफ गबन की तहरीर नगर कोतवाली पुलिस को दी गई।
तहरीर पर नगर कोतवाली पुलिस ने गबन की धारा में मुकदमा पंजीकृत कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।पुलिस नामजद आरोपी डायग्नोस्टिक सेंटर के प्रबंधक और मोबाइल कंपनी के कर्मचारी से पूछताछ में जुटी है। मंगलवार को क्षेत्राधिकारी नगर सहायक पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल ने बताया कि डायग्नोस्टिक सेंटर के रीजनल हैड की ओर से अपने कर्मी समेत दो के खिलाफ गबन का मुकदमा दर्ज कराया गया है ।पुलिस दर्ज मुकदमे की तहकीकात कर रही है। नामजद किए गए आरोपी से पूछताछ की जा रही है।
