Rampur News : चेहल्लुम पर अकीदत से निकला जरीह का जुलूस, अजादारों ने किया मातम

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

शहीदाने कर्बला के चेहल्लुम पर निकला जरीह का जुलूस, जुलूस के साथ भारी मात्रा में पुलिस बल रहा तैनात

रामपुर में चेहल्लुम के मौके पर गमगीन माहौल में जरीह और अलम का जुलूस निकला। अजादारों ने नोहाख्वानी करते हुए आगापुर कर्बला में ताजिए सुपुर्द-ए-खाक किए। जुलूस के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे और भारी पुलिस बल तैनात रहा।

रामपुर, अमृत विचार। शहीदाने कर्बला के चेहल्लुम पर जरीह का जुलूस सीआरपीएफ कैंपस होते हुए आगापुर स्थित कर्बला पहुंचा। कर्बला में ताजिए सुपुर्द-ए-खाक किए गए रास्ते में अंजुमनों ने नोहाख्वानी की। कर्बला में अंजुमन सिपाहे हुसैनी के तत्वावधान में हुई मजलिस को अजमेर से आए मौलाना गुलजार जाफरी ने खिताब किया। मजलिस के बाद 18बनी हाशिम के ताबूत बरामद हुए। इससे पहले अजादारों ने अलम के जुलूस में छुरियों से मातम किया। अकीदतमंदों ने जगह-जगह ठंडे पानी और चाय की सबीलें लगाईं।

शहर के मोहल्ला गुइया तालाब स्थित मकबरा जनाबे आलिया से मंगलवार की सुबह 7:30 बजे जरीह का जुलूस निकला जोकि, गुइया तालाब, पान दरीबा, बर्तन बाजार हुए जच्चा बच्चा सेंटर पर मुख्य जुलूस में शामिल हुआ। इसके अलावा मोहल्ला लाल कबर स्थित इमामबाड़ा मोहम्मद जफर बेग से निकला जो बजरिया मुल्ला जरीफ, नौदरा चौकी, किला पश्चिमी गेट होते हुए जच्चा-बच्चा सेंटर पहुंचा जहां मकबरे से आया जरीह का जुलूस शामिल हुआ। जरीह का जुलूस जच्चा-बच्चा सेंटर, मिस्टन गंज, राजद्वारा, नवाब गेट, गांधी समाधि, राहे रजा, राहे जुल्फिकार होते हुए इमामबाड़ा कोठी खासबाग गेट पहुंचा। इस जुलूस में इमामबाड़ा मंझले साहब बहादुर और इमामबाड़ा खासबाग से जरीह का जुलूस शामिल हुआ। इसके बाद इमामबाड़ा खासबाग से जरीह का जुलूस शामिल हुआ।

240

इस दौरान पूर्व सांसद बेगम नूरबानो मौजूद रहीं। मुख्य जुलूस हाईवे, सीआरपीएफ कैंपस होते हुए आगापुर स्थित कर्बला पहुंचा। जुलूस के दौरान मिर्जा तकी बेग,  अब्बास अल्वी, शान जैदी, ज़ैन जैदी, बिट्टन जैदी, मुंतजिर नकवी ने नोहे पढ़े। जुलूस के आगापुर पहुंचने पर मंसूर हुसैन ने यह नोहा पढ़ा- सुगरा मदीना लुट गया-बाबा तेरा मारा गया सुगरा मदीना लुट गया। इसके बाद जरीह का जुलूस पक्की कर्बला में पहुंचा और अजादारों ने मातम किया। इसके बाद अलम का जुलूस कर्बला रोड से निकला जिसमें असलम महमूद और इफ्तेखार महमूद ने वसीम बरेलवी का यह कलाम पढ़ा- लुटी हुई सी हैं बीबियां कुछ, के इनका सरदार नातवां हैं-ये काफिला तो हुसैन का है, हुसैन इनमें मगर कहां हैं। हुसैन से बढ़ गईं हैं जैनब, तुम्हारी मजलूमियत की मंजिल, वो सर कटाने का इम्तेहां था, यह सर की चादर का इम्तेहां हैं। अलम के जुलूस के कच्ची कर्बला में दाखिल होने से पहले अजादारों ने छुरियों का मातम किया। वहीं जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी ने चेहल्लुम के जुलूसों की सुरक्षा और कानून व्यवस्था का पालन कराए जाने के लिए जिले भर में 17 मजिस्ट्रेट तैनात किए था। इसके अलावा पर्याप्त मात्रा में पुलिस बल तैनात रहा।

ये लोग रहे मौजूद-
जुलूस में मौलाना मूसा रजा, इमरान हुसैन रिजवी, अली हैदर जैदी, हसीन जैदी, सलीम हैदर जैदी, मिर्जा मुज्तबा अली बेग, राशिद हिलाल, इरफान जैदी, शौजी जैदी, मसूद जैदी, कमल रिजवी, राशिद एजाज, सैयद मोहम्मद अली जैदी, फैसल रिजवी, यावर हुसैन, गुलरेज आगा, फिरोज हैदर, साजिद अली एडवोकेट, कायम मेहंदी, बाबर हुसैन रिजवी, कुंवर वासित अली, ततहीर जैदी, चांद मियां, सुहेल मियां समेत काफी तादाद में अकीदतमंद मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें - Rampur News : रामपुर में गोकशी के तीन आरोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार, दो के पैर में लगी गोली 

संबंधित समाचार