बरेली: कोरोना वैक्सीन लगवाने के लिए पुलिस मुख्यालय से मांगी रिपोर्ट
बरेली, अमृत विचार। कोरोना वैक्सीन लगाने की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। द्वितीय चरण में पुलिसकर्मियों को वैक्सीन लगायी जाएगी। इस संबंध में पुलिसकर्मियों का रिकार्ड तैयार किया जाने लगा है। बुधवार को पुलिस मुख्यालय से वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए सभी जिलों के एसएसपी के साथ तैयारियों की समीक्षा की गई। एसएसपी रोहित सिंह …
बरेली, अमृत विचार। कोरोना वैक्सीन लगाने की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। द्वितीय चरण में पुलिसकर्मियों को वैक्सीन लगायी जाएगी। इस संबंध में पुलिसकर्मियों का रिकार्ड तैयार किया जाने लगा है। बुधवार को पुलिस मुख्यालय से वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए सभी जिलों के एसएसपी के साथ तैयारियों की समीक्षा की गई। एसएसपी रोहित सिंह सजवाण ने बताया कि बरेली में करीब 5300 से अधिक पुलिसकर्मियों को वैक्सीन लगायी जाएगी।
कोरोना से जंग में फ्रंट लाइन वर्कर की अहम भूमिका रही है। मौजूदा समय में भी वह अपनी भूमिका निभा रहे हैं। यही वजह है कि कोरोना वैक्सीन सबसे पहले फ्रंट लाइन वर्कर्स को ही लगाई जाएगी। वैक्सीनेशन को चरणों में बांटा गया है। इसके तहत पहले चरण में डॉक्टर व नर्स को वैक्सीन लगायी जाएगी। इसके तहत बरेली जिले में 24240 हेल्थ वर्कर्स का डाटा तैयार कर लिया गया है। दूसरे चरण में पुलिसकर्मियों को वैक्सीन लगायी जाएगी।
पुलिसकर्मियों में अधिकारी, इंस्पेक्टर, दरोगा, सिपाही, फालोवर व अन्य कर्मचारी भी होंगे। इन सभी का रिकार्ड तैयार किया जा रहा है। एसएसपी रोहित सिंह सजवाण ने बताया कि सभी पुलिसकर्मियों का डाटा तैयार है। सभी के सैलरी अकाउंट भी हैं। जल्द ही डाटा मुख्यालय भेज दिया जाएगा। इस चरण में होमगार्ड व अन्य का भी वैक्सीनेशन होगा। होमगार्ड विभाग भी सभी का डाटा तैयार कर रहा है।
कोरोना वैक्सीन को लेकर ठगी का खेल शुरू
अभी कोरोना वैक्सीन लगनी शुरू नहीं हुई है लेकिन वैक्सीन लगाने को लेकर ठग सक्रिय हो गए हैं। साइबर ठगों ने जल्द वैक्सीन लगवाने के नाम पर लोगों को मैसेज भेजने शुरू कर दिए हैं। ऐसे मामले सामने आने के बाद साइबर क्राइम ऑफ इंडिया की ओर से लोगों को अलर्ट जारी किया गया है। इसके तहत किसी भी तरह के बहकावे में न आने के निर्देश दिए गए हैं।
सरकार ने वैक्सीनेशन प्रक्रिया के तहत ‘को विन’ एप के तहत रजिस्ट्रेशन कराने की बात कही थी। इसके तहत वर्कर्स ही रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं। इस एप के जरिये ही साइबर ठग लोगों को पहले रजिस्टर करने पर पहले वैक्सीन लगाने की बात कहकर झांसे में ले रहे हैं। वह पहली कोरोना वैक्सीन पाने के लिए पे और रजिस्टर स्कीम का भी लालच दे रहे हैं। इसके लिए वे लिंक, मेल, मैसेज आदि भेज रहे हैं।
यहां तक कि कई लोगों को फोन भी कर रहे हैं। साइबर दोस्त की ओर से भी लोगों को वैक्सीन के संबंध में सरकारी वेबसाइट पर ही भरोसा करने के लिए कहा है। एसएसपी रोहित सिंह सजवाण ने बताया कि वैक्सीन सिर्फ नियम के तहत लगाई जाएगी। इसका रिकार्ड तैयार किया जा रहा है। किसी तरह के साइबर ठगों के झांसे में न आएं।
