पैलेट गन मामले में राहुल गांधी का ‘धरना’! पीड़ित साहिल को लेकर संसद मार्ग थाने पहुंचे, FIR न होने पर थाने के बाहर बैठे
जंतर-मंतर पर CJP के आंदोलन में पैलेट गन इस्तेमाल की जांच का लिया अपडेट
जंतर-मंतर पर CJP के आंदोलन के दौरान पैलेट गन के इस्तेमाल के मामले में राहुल गांधी पीड़ित साहिल लोहबच के साथ संसद मार्ग थाने पहुंचे। FIR दर्ज नहीं होने का आरोप लगाते हुए राहुल थाने के बाहर धरने पर बैठ गए। प्रियंका गांधी समेत कई कांग्रेस नेता भी उनके साथ पहुंचे।
नई दिल्ली। जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के आंदोलन के दौरान पैलेट गन के प्रयोग मामले ने अब राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी शुक्रवार को दिल्ली के संसद मार्ग थाने पहुंचे। वह पैलेट गन से घायल हुए साहिल लोहबच को भी अपने साथ लेकर गए और मामले में अब तक एफआईआर दर्ज नहीं होने का आरोप लगाया।
राहुल गांधी पहले मामले की जांच से जुड़ी जानकारी लेने के लिए डीसीपी कार्यालय पहुंचे। वहां अधिकारियों से जानकारी लेने के बाद वह संसद मार्ग थाने के बाहर धरने पर बैठ गए। उनके धरने की सूचना मिलते ही कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता भी मौके पर पहुंच गए।

प्रियंका गांधी समेत कई नेता पहुंचे
राहुल गांधी के साथ धरने में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी, अधीर रंजन चौधरी, सलमान खुर्शीद और जयराम रमेश समेत कई कांग्रेस नेता शामिल हुए। कांग्रेस नेताओं ने पैलेट गन के इस्तेमाल की जांच और पीड़ित को न्याय दिलाने की मांग उठाई।
FIR दर्ज नहीं होने पर सवाल
राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि पैलेट गन से घायल हुए साहिल लोहबच के मामले में अभी तक एफआईआर दर्ज नहीं की गई है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। राहुल के थाने के बाहर धरने पर बैठने के बाद मौके पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं की भी भीड़ जुट गई। इससे संसद मार्ग के आसपास राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गईं।
इससे पहले पत्रकारों से बातचीत करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि 20 जुलाई को कनॉट प्लेस में पैलेट गन का प्रयोग किया गया था। 200 छर्रे इनके (साहिल) शरीर पर लगे। तीन छर्रे इनकी आंख में लगे। एम्स की रिपोर्ट में साफ लिखा है कि इनके शरीर में 200 से ज्यादा छर्रे हैं, आंख में तीन छर्रे हैं। इनकी आंख बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है और उस आंख से नहीं देख पाएंगे। इनके बिल्कुल दिल के पास छर्रे हैं, जिनको छुआ नहीं जा सकता है।
राहुल गांधी ने कहा कि दिल्ली पुलिस की ओर से कहा गया कि हमारी ओर से छर्रे नहीं चलाए गए। तो एक ही सवाल है, अगर आपने नहीं चलाए तो किसी ने तो ये छर्रे चलाए होंगे। शायद किसी और ने इन पर छर्रे चला दिए। हम सिर्फ यह कह रहे हैं कि एफआईआर दर्ज कीजिए। अंदर से हमें बताया जा रहा है कि ऊपर से ऑर्डर आया है कि एफआईआर दर्ज नहीं हो सकती है। जब तक एफआईआर नहीं होगा, तब तक हम यहां से नहीं हिलने वाले हैं। इस देश में लाखों लोगों के साथ अन्याय होता है। हमारी एक मांग है कि एफआईआर, डीडीआर और जांच अधिकारी का नाम बता दीजिए। हम सिर्फ इस परिवार के लिए न्याय मांग रहे हैं।
यह भी पढ़ें:-Amroha News : पांच दिन से लापता तीन साल की अमायरा का तालाब में मिला शव, परिजनों में मचा कोहराम
