फिर मंहगी हुई CNG, दिल्ली समेत यूपी के इन जिलों में 3.89 रुपये का उछाल; जानें नए रेट 

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

दिल्ली। इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (आईजीएल) ने शनिवार को दिल्ली में कंप्रेस्ड नेचुरल गैस (सीएनजी) की कीमत में 3.89 रुपये प्रति किलोग्राम की बढ़ोतरी की। कंपनी ने इसके पीछे नए सिरे से उपजे पश्चिम एशिया संकट और होर्मुज जलडमरूमध्य से गैस कार्गो की आवाजाही में आए व्यवधानों के चलते एलएनजी कीमतों में आई भारी तेजी का हवाला दिया।

दिल्ली में सुबह 6 बजे से बदल गया रेट  

इस बढ़ोतरी के बाद दिल्ली में सीएनजी की कीमत पहले के 83.09 रुपये प्रति किलोग्राम से बढ़कर 86.98 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई है। वृद्धि 29 अगस्त की सुबह छह बजे से प्रभावी है। इस वृद्धि के साथ इस साल दिल्ली में सीएनजी की कीमतों में कुल बढ़ोतरी लगभग 10 रुपये प्रति किलोग्राम तक पहुंच गई है। 

4 बार बढ़ाया जा चूका है प्राइस 

साल की शुरुआत में दिल्ली में सीएनजी की कीमत 77.09 रुपये प्रति किलोग्राम थी। मई में इसे चार किस्तों में कुल छह रुपये प्रति किलोग्राम बढ़ाया गया था, जिससे शनिवार की बढ़ोतरी से पहले कीमत 83.09 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई थी। 

यूपी के इन जिलों में भी असर 

नोएडा और गाजियाबाद जैसे आसपास के शहरों में भी कीमतें बढ़ाई गई हैं। अब नोएडा में सीएनजी की कीमत 95.59 रुपये प्रति किलोग्राम, गाजियाबाद में 95.59 रुपये प्रति किलोग्राम और गुरुग्राम में 92.01 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई है। वैट जैसे स्थानीय करों के आधार पर दरें अलग-अलग राज्यों में अलग होती हैं। 

दिल्ली में घरेलू रसोई में खाना पकाने के लिए पाइप के जरिए पहुंचाई जाने वाली प्राकृतिक गैस (पीएनजी) की कीमत 49.59 रुपये प्रति मानक घन मीटर (एससीएम) पर अपरिवर्तित बनी हुई है। आईजीएल ने कहा कि जुलाई से वैश्विक एलएनजी की कीमतें लगभग दोगुनी हो गई हैं क्योंकि नए सिरे से उभरे संकट ने इस रणनीतिक जलमार्ग के जरिए एलएनजी कार्गो की आवाजाही को प्रभावित किया है। 

सीएनजी महंगी, बढ़ जायेगा ऑटो रिक्शा के दाम 

दिल्ली में सीएनजी की कीमतें बढ़ने के बाद परिवहन संगठनों ने शनिवार को ऑटो-रिक्शा के किराये में तत्काल बढ़ोतरी की मांग की और चेतावनी दी कि अगर उनकी मांग पूरी नहीं हुई, तो वे नौ सितंबर को हड़ताल पर चले जाएंगे। इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड के अनुसार, शनिवार से दिल्ली और आस-पास के शहरों में सीएनजी की कीमत 3.89 रुपये प्रति किलोग्राम बढ़ गई है। 

ऑटो-टैक्सी यूनियन ने किराये में वृद्धि की मांग की

कंपनी ने बताया कि सीएनजी के लिए जरूरी गैस का एक बड़ा हिस्सा आयातित एलएनजी से पूरा किया जा रहा था, जिसकी कीमतें पश्चिम एशिया में संघर्ष शुरू होने के बाद से तेज़ी से बढ़ी हैं। ऑटो रिक्शा एसोसिएशन और दिल्ली प्रदेश टैक्सी यूनियन के महासचिव राजेंद्र सोनी ने कहा, ''दिल्ली सरकार को एक हफ़्ते के अंदर तत्काल प्रभाव से ऑटो और टैक्सी का किराया बढ़ाना चाहिए, क्योंकि आज सुबह सीएनजी की कीमतों में 3.89 रुपये की बढ़ोतरी हुई है, जिससे गरीब चालकों पर अचानक आर्थिक बोझ बढ़ गया है।'' 

उन्होंने एक बयान में कहा कि पिछले दो-तीन महीनों में सीएनजी की कीमतें बढ़ी हैं और इनमें कुल मिलाकर लगभग 10-11 रुपये की बढ़ोतरी हुई है। सोनी ने कहा, ''सरकार को जल्द से जल्द किराया बढ़ाना चाहिए या सीएनजी की कीमतों पर सब्सिडी देनी चाहिए। अगर किराया नहीं बढ़ाया गया, तो हम नौ सितंबर को हड़ताल करेंगे।'' 'ऑल इंडिया मोटर एंड गुड्स ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन' ने भी सीएनजी की कीमतों में बढ़ोतरी का मुद्दा उठाया। 

'ऑल इंडिया मोटर एंड गुड्स ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन' के अध्यक्ष राजेंद्र कपूर ने कहा, ''दिल्ली-एनसीआर में सीएनजी की कीमतों में अचानक 3.89 रुपये प्रति किलोग्राम की बढ़ोतरी सिर्फ़ ईंधन की ज़्यादा लागत का मामला नहीं है। इसका सीधा असर आम आदमी की जेब, परिवहन उद्योग और आखिरकार जरूरी चीजों की कीमतों पर पड़ेगा।'' उन्होंने कहा, ''इस बढ़ोतरी के साथ, दिल्ली में सीएनजी की कीमत अब 86.98 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई है।

ये भी पढ़ें : 
खरगे 'शुद्धिकरण' मामला : राहुल गांधी की मांग, दोषियों पर एससी-एसटी एक्ट के तहत दर्ज हो एफआईआर

संबंधित समाचार