सीतापुर के ढकिया कला में प्रेमी ने घर के बाहर फांसी लगाई, खबर मिली तो कुछ घंटे बाद महिला ने खेत पर जाकर जान दे दी

Amrit Vichar Network
Edited By Virendra Pandey
On

सीतापुर,अमृत विचार : सीतापुर के ढकिया कला गांव में प्रेम संबंध से जुड़ी एक घटना ने सबको हैरान कर दिया। यहां पहले 20 वर्षीय युवक ने घर के बाहर फांसी लगाकर जान दे दी। उसकी मौत की खबर गांव की ही एक महिला को मिली तो कुछ घंटे बाद उसने भी खेत पर जाकर फांसी लगा ली। दोनों की मौत के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। महिला की उम्र करीब 35 साल बताई जा रही है और वह युवक से करीब 15 साल बड़ी थी।

मामला सीतापुर के पिसावां थाना क्षेत्र के ढकिया कला गांव का है। यहां 20 वर्षीय मंजेश मौर्य पुत्र गोधन मौर्य ने घर के बाहर फांसी लगा ली। इसकी जानकारी पुलिस को हुई तो जांच शुरू की गई। शुरुआती पड़ताल में मंजेश के गांव की ही रहने वाली करीब 35 वर्षीय रिंकी से करीबी संबंध होने की बात सामने आई। पुलिस के मुताबिक, रिंकी अपने पति इन्दर पाल के साथ ढकिया कला में रहती थी। मंजेश की मौत की खबर मिलने के कुछ घंटे बाद रिंकी भी घर से निकलकर खेत की ओर गई। वहां उसने भी फांसी लगाकर जान दे दी।

दोनों मौतों के बीच क्या कनेक्शन है?

इसका पूरा जवाब फिलहाल पुलिस के पास भी नहीं है। हालांकि शुरुआती जांच में दोनों के बीच प्रेम संबंध की बात सामने आई है। पुलिस दोनों घटनाओं को जोड़कर भी जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आखिर मंजेश की मौत के बाद रिंकी ने भी इतना बड़ा कदम क्यों उठाया। घटना की जानकारी मिलने पर हरदोई जिले के टड़ियावां थाना क्षेत्र में रहने वाले रिंकी के पिता विजय कुमार और परिवार के अन्य लोग भी गांव पहुंचे।

पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौके पर सीतापुर मुख्यालय से फॉरेंसिक टीम भी पहुंची। थाना प्रभारी प्रताप कुमार गुप्ता की मौजूदगी में टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। फिंगरप्रिंट के नमूने लेने के साथ मिट्टी के नमूने भी लिए गए हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के बाद ही दोनों मौतों की पूरी तस्वीर साफ हो सकेगी।

यह भी पढ़ें : काल बनकर आया रक्षाबंधन: बहनोई के डिब्बे वाले सांप ने भाई को डसा, मातम में बदलीं खुशियां

संबंधित समाचार